हर्रावाला आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में छात्रों का हंगामा, प्रबंधन का 10 दिन का आश्वासन बेअसर - Uttarakhand Samachar

देहरादून:-  हर्रावाला स्थित आयुर्वेद विश्वविद्यालय के छात्रों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन शुरू कर दिया है। बीती देर रात से छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज 7 छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो गई है। छात्र लंबे समय से लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने के साथ-साथ परीक्षाएं आयोजित कराने और इंटर्नशिप शुरू कराने की मांग कर रहे हैं। इन मांगों को लेकर छात्र इससे पहले भी धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं।

10 दिन का आश्वासन खत्म, फिर सड़कों पर छात्र

छात्रों की समस्याओं के समाधान को लेकर कॉलेज प्रबंधन ने पहले 10 दिन का समय मांगा था। निर्धारित समय बीतने के बावजूद मांगों का समाधान नहीं होने पर छात्रों का आक्रोश बढ़ गया। इसी के बाद छात्रों ने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन कर रहे सात छात्र पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गए हैं और अपनी मांगों को लेकर विरोध जता रहे हैं।

छात्रों के समर्थन में पहुंचीं कांग्रेस नेता ज्योति रौतेला

मामले को लेकर कांग्रेस नेता ज्योति रौतेला ने भी छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों की समस्याएं सुनने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर कोई तैयार नहीं है। रौतेला का कहना है कि वाइस चांसलर, रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक तक छात्रों या उनके प्रतिनिधियों से बातचीत नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।

धामी सरकार से बातचीत और समाधान की मांग

ज्योति रौतेला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार से अपील की कि छात्रों से तुरंत बातचीत की जाए और उनकी जायज मांगों का समाधान निकाला जाए। उन्होंने पानी की टंकी पर चढ़े छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए भी तत्काल कदम उठाने की मांग की। रौतेला ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक छात्रों का संघर्ष जारी रहेगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *