फर्जी आर्मी ID और वर्दी वाली फोटो के साथ पकड़ा गया युवक, युवतियों को करता था प्रभावित - Uttarakhand Samachar

हल्द्वानी:- सोशल मीडिया पर लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए फर्जी पहचान बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। हल्द्वानी में एक युवक पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सोशल मीडिया पर तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित करने का आरोप है। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद नैनीताल पुलिस की एसओजी ने कार्रवाई करते हुए रोहित सिंह मेहता को हिरासत में लिया। जांच के दौरान पुलिस को युवक के भारतीय सेना में होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। आरोप है कि उसने इंटरनेट से सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें हासिल कीं और AI की मदद से मॉर्फ्ड फोटो तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड किया।

1 सितंबर को मिली थी मिलिट्री इंटेलिजेंस से सूचना

मामले की जानकारी 1 सितंबर को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने नैनीताल पुलिस की एसओजी टीम को दी। सूचना थी कि रोहित सिंह मेहता नाम का युवक सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सेना की वर्दी में तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र दिखा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नैनीताल के एसएसपी ने एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन और उनकी टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।

मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि रोहित सिंह मेहता हल्द्वानी स्थित बिरला ओपस पेंट के गोदाम में काम करता है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें हासिल की थीं। इसके बाद AI की मदद से उनमें बदलाव कर अपनी तस्वीरें तैयार कीं।

युवतियों को प्रभावित करने के लिए बनाई फर्जी पहचान

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में युवक ने सोशल मीडिया पर अपनी फॉलोइंग बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से फर्जी पहचान बनाने की बात बताई। नैनीताल की एसएसपी मंजूनाथ टीसी के अनुसार, मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी फर्जी फोटो और वीडियो के जरिए महिलाओं को आकर्षित करता था।

दो मोबाइल समेत कई सामान बरामद

एसओजी ने आरोपी के कब्जे से दो स्मार्ट मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो और वीडियो तथा फर्जी प्रतीत होने वाला आर्मी आईडी कार्ड बरामद किया है। पुलिस ने भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण कर फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी के आरोप में हल्द्वानी कोतवाली में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *