ऐतिहासिक आगाज: भागलपुर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तीरंदाजी स्पर्धा का शुभारंभ - Uttarakhand Samachar
बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश भागलपुर ने रविवार को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराते हुए एक ऐतिहासिक कदम उठाया। शहर के प्रतिष्ठित सैंडिस कंपाउंड खेल मैदान में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। यह पहली बार है जब भागलपुर जैसे सांस्कृतिक और शैक्षणिक रूप से समृद्ध नगर को इस तरह के राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। रविवार की सुबह जैसे ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और एसएसपी हृदयकांत ने पारंपरिक ढंग से तीर चलाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया, मैदान में तीर-कमान की टंकार गूंज उठी। खिलाड़ियों की एकाग्र आंखों में जहां सटीक निशाने की चमक थी, वहीं उनके भीतर ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने का जोश साफ दिखाई दे रहा था। 18 राज्यों से आए 61 युवा तीरंदाजों के बीच कौशल और धैर्य का रोमांचक संग्राम शुरू हो गया है। रविवार की शाम छह बजे, भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया वर्चुअल माध्यम से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसी पहलें युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई हैं। इन खेलों के माध्यम से प्रतिभाओं को पहचान मिलने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के ओलंपिक के लिए भी तैयार किया जा रहा है। सैंडिस कंपाउंड खेल मैदान में तीरंदाजी प्रतियोगिता चार मई से सात मई तक आयोजित की जा रही है, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता 10 मई से 13 मई तक इंडोर बैडमिंटन हॉल में होगी। इन खेलों में भाग लेने के लिए बिहार के अलावा आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा नगर हवेली, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों के खिलाड़ी भागलपुर पहुंचे हैं। राष्ट्रीय आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने हर मोर्चे पर विशेष तैयारियां की हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा, उनके आने-जाने की सुविधा, भोजन और ठहरने की उच्च स्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। देवघर हवाई अड्डे और भागलपुर रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों और अधिकारियों का स्वागत पारंपरिक ढंग से किया गया। महिला एथलीटों, कोचों और अधिकारियों को होटल चिन्मय इन में, पुरुष कोचों और अधिकारियों को होटल विद्या रेजिडेंसी में तथा पुरुष एथलीटों को होटल अशोका ग्राउंड में ठहराया गया है।
Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *