मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नवनिर्मित बाड़े का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सफेद बाघ को पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तेजस’ के आने से देहरादून चिड़ियाघर की खूबसूरती और आकर्षण में इजाफा होगा। साथ ही यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आगमन से चिड़ियाघर की लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के दो बाघ लाए गए थे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर की भूमिका केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जागरूकता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों की विभिन्न प्रजातियों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के महत्व को करीब से समझने का अवसर मिलता है।

कॉलेज विद्यार्थियों को भी मिलेगी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पहले ही बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। इस पहल के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। इससे बच्चों में वन्यजीवों और प्रकृति के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर समझ विकसित हुई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इस सुविधा का उद्देश्य युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ वन्यजीवों और पर्यावरण से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर का भ्रमण विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को बेहतर ढंग से समझने में मदद करेगा। इससे युवाओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी और वे प्रकृति एवं वन्यजीवों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को इस दिशा में जागरूक और सहभागी बनाना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक विरासत और जैव विविधता को सुरक्षित रखा जा सके।
