उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में बुधवार सुबह बाघ के हमले से हड़कंप मच गया। मवेशियों के लिए घास लेने जंगल की ओर जा रहे बाइक सवार दंपति पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले के दौरान बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बाघ ने महिला को अपने जबड़ों में दबोच लिया और जंगल की ओर घसीटने लगा। इस दौरान महिला के पति ने अदम्य साहस दिखाते हुए बाघ का सामना किया और लगातार शोर मचाकर उसे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। पति की बहादुरी से महिला की जान बच गई, हालांकि उनके हाथ पर बाघ के दांतों के गहरे निशान आए हैं।
रामनगर में बाइक सवार दंपति पर अचानक बाघ का हमला
जानकारी के अनुसार, टेड़ा निवासी 50 वर्षीय बबली देवी पत्नी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपने पति के साथ मवेशियों के लिए घास लेने निकली थीं। दंपति बाइक से आघे लाल पहाड़ी के पास स्थित ग्रासलैंड क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जंगल के नजदीक अचानक बाघ ने उनकी चलती बाइक पर हमला कर दिया। बाघ के अचानक हमले से दंपति संभल नहीं पाए और दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद बाघ ने बबली देवी को अपना निशाना बनाया और उन्हें जबड़ों में दबोचकर जंगल की ओर घसीटने लगा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिला की जान पर बन आई।
पत्नी को बाघ के चंगुल से छुड़ाने के लिए पति ने दिखाई बहादुरी
पत्नी को बाघ के जबड़ों में फंसा देखकर दर्शन सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने बिना देर किए शोर मचाना शुरू कर दिया और बाघ का सामना करते हुए लगातार उसका विरोध किया। दर्शन सिंह के साहस और शोर-शराबे के चलते बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इस तरह पति की सूझबूझ और बहादुरी से बबली देवी की जान बच गई। हालांकि, बाघ के हमले में उनके हाथ पर दांतों के गहरे निशान आए हैं। घटना के बाद महिला को तत्काल उपचार की आवश्यकता पड़ी।
पर्यटकों की जिप्सी से अस्पताल पहुंचाई गई घायल महिला
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल बबली देवी को पर्यटकों की जिप्सी की मदद से रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों को लेकर जानकारी जुटाई।
घटनास्थल से दरांती और कपड़े बरामद, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
मामले में एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि दंपति जंगल के करीब 300 मीटर अंदर गए थे। घटनास्थल से एक दरांती और महिला के कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। साथ ही बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
बाघ के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत
रामनगर की कोसी रेंज में हुई इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। जंगल से सटे गांवों में रहने वाले लोगों को अब मवेशियों के लिए चारा लेने और अन्य जरूरी कामों से जंगल की ओर जाने में भी खतरा महसूस हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है। फिलहाल घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है और वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है।
