देहरादून:- पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर मारपीट और तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि दोबारा साथ रखने के लिए पति ने उसके सामने कथित तौर पर हलाला की शर्त रखी और बहनोई के साथ इस प्रक्रिया से गुजरने का दबाव बनाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति फरमान और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। ढाई साल पहले हुआ था निकाह पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि उसका निकाह करीब ढाई साल पहले बिजनौर के इस्लामपुर निवासी फरमान के साथ हुआ था। निकाह के बाद वह पति के साथ देहरादून आ गई थी और दोनों किराए के मकान में रह रहे थे। महिला के मुताबिक, करीब चार महीने पहले पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। उस समय पति की बहन भी वहां मौजूद थी। इसके बाद महिला मायके चली गई, लेकिन उसने वैवाहिक रिश्ता बचाने और पति के साथ दोबारा रहने की कोशिश जारी रखी। पति के गांव पहुंचने पर मारपीट का आरोप पीड़िता के अनुसार, 14 जुलाई को वह पति के गांव स्थित घर पहुंची और पति व ससुराल वालों से तीन तलाक वापस लेकर दोबारा साथ रहने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद महिला देहरादून लौटकर अपनी बहनों के पास रहने लगी। कुछ समय बाद उसका पति भी देहरादून पहुंचा। महिला का आरोप है कि पति ने उससे माफी मांगी और दोबारा साथ रखने की बात कही। दोबारा साथ रखने से पहले कथित हलाला की शर्त महिला ने आरोप लगाया कि पति ने दोबारा साथ रखने के लिए उसके सामने कथित तौर पर हलाला की शर्त रखी। पीड़िता के अनुसार, पति उस पर बार-बार अपने बहनोई के साथ हलाला की प्रक्रिया से गुजरने का दबाव बना रहा था। महिला ने इस बात का विरोध किया और पुलिस से शिकायत की। उसका कहना है कि कथित दबाव के चलते वह मानसिक तनाव में है। उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। तहरीर में महिला ने घटना से जुड़े मोबाइल संदेशों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कराने का अनुरोध किया है। BNS की धाराओं में मुकदमा, आरोपी पति गिरफ्तार पटेल नगर पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर फरमान के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 85 और मुस्लिम विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी फरमान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। Please follow and like us: Share Post Share Post navigation BKTC Board Meeting: सीएम धामी और सतपाल महाराज का जताया आभार, यात्रा व्यवस्थाओं पर मंथन हरीश रावत के सहयोगी पर ED की कार्रवाई, पूर्व CM ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मांगी पदमुक्ति