संत नीब करौरी बाबा पर बनी फिल्म को CM धामी का बड़ा तोहफा, हुई टैक्स फ्री - Uttarakhand Samachar

देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में संत नीब करौरी बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा भी मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा सदियों से समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का रास्ता दिखाती आई है। संत नीब करौरी बाबा का जीवन भी इसी परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है।

नीब करौरी बाबा के जीवन और संदेश पर आधारित है फिल्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीब करौरी बाबा ने भक्ति और मानव सेवा के माध्यम से समाज को प्रेम, करुणा और लोक कल्याण का संदेश दिया। उनके जीवन से जुड़े ये मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की धरती रही है। नैनीताल स्थित कैंची धाम, जो नीब करौरी बाबा से जुड़ा प्रमुख आध्यात्मिक स्थल है, आज देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है।

भक्ति, सेवा और मानव कल्याण को केंद्र में रखती है फिल्म

‘हनुमान अंश’ फिल्म में भारत की समृद्ध संत परंपरा के साथ भक्ति, सेवा, प्रेम और मानव कल्याण की भावना को प्रमुखता दी गई है। फिल्म के जरिए नीब करौरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े आदर्शों को दर्शाने का प्रयास किया गया है। फिल्म में ईश्वर के प्रति अटूट आस्था, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोक कल्याण जैसे मूल्यों को प्रमुखता से सामने रखा गया है। मुख्यमंत्री ने फिल्म को संत परंपरा और बाबा के प्रेरणादायी जीवन से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बताया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *