Uttarakhand News: पेंशन योजनाओं के तहत 9 लाख से ज्यादा लोगों के खातों में पहुंची राशि - Uttarakhand Samachar

देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के बैंक खातों में 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई। अगस्त महीने में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है। सरकार की इस पहल से वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान समेत विभिन्न श्रेणियों के पात्र लाभार्थियों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है।

कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के संचालन में लाभार्थियों के सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।

आधार की समस्या होने पर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान पात्र लोगों को नियमित रूप से किया जा रहा है। उन्होंने पेंशन व्यवस्था को और अधिक सरल एवं लाभार्थी केंद्रित बनाने पर जोर दिया। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे पात्र लाभार्थियों को चिन्हित किया जाए, जिनका किसी कारण से आधार नहीं बन पा रहा है। ऐसे लोगों के लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।

इन पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को मिली किस्त

प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के कुल 9,91,914 लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। कुल लाभार्थियों में 2,14,711 लोग राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत आते हैं, जबकि 7,77,203 लाभार्थी राज्य स्तर पर पेंशन योजनाओं से जुड़े हैं। अगस्त माह के पेंशन भुगतान में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।

5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत

अगस्त महीने में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कुल 5,605 नई पेंशन स्वीकृत की गई हैं। इनमें:

  • वृद्धावस्था पेंशन: 3,945 लाभार्थी
  • विधवा पेंशन: 1,000 लाभार्थी
  • दिव्यांग पेंशन: 416 लाभार्थी
  • किसान पेंशन: 106 लाभार्थी
  • परित्यक्ता पेंशन: 23 लाभार्थी
  • भरण-पोषण अनुदान: 115 लाभार्थी

शामिल हैं।

सरकार का कहना है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने और भुगतान व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *