सैन्य बेस की रेकी और हथियारों की खेप... अमृतसर में दो अलग मामलों से बढ़ी चिंता - Uttarakhand Samachar

पंजाब में संभावित आतंकी साजिश के इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। खुफिया जानकारी के मुताबिक अमृतसर जिले में कुछ सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इस इनपुट की आधिकारिक तौर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है और एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दो संदिग्ध ऑपरेटिव्स ने खासा छावनी और सैन्य बेस के आसपास बूढ़ा ठेह इलाके में कथित तौर पर रेकी की है। इस इनपुट को पंजाब पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा किया गया है। इसके बाद संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संदिग्धों की गतिविधियां कितनी देर तक और किस उद्देश्य से हुईं। साथ ही यह भी जांचा जा रहा है कि रेकी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। शुरुआती स्तर पर इस इनपुट को पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

इसी बीच पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस, अमृतसर ने हथियार तस्करी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी तरनतारन जिले के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से 10 पिस्तौल, मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियारों की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, हथियार ड्रोन के जरिए सीमा के पास मंगवाए गए थे और इसके बाद उन्हें आगे सप्लाई किए जाने की योजना थी। इस जानकारी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी का नेटवर्क सीमावर्ती इलाकों में पहले भी सुरक्षा चुनौती बनता रहा है।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके संपर्कों, मोबाइल गतिविधियों तथा संभावित विदेशी कनेक्शन की जांच की जा रही है। एजेंसियों का फोकस हथियारों की सप्लाई चेन और उन लोगों तक पहुंचने पर है, जो इस नेटवर्क को संचालित या मदद कर रहे हो सकते हैं। अमृतसर में सैन्य ठिकानों से जुड़े कथित रेकी इनपुट और हथियार तस्करी के इस मामले को जोड़कर भी जांच की जा रही है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित कड़ियों को खंगाल रही हैं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *