CM Dhami News: 2027 चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा प्लान, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब लोकसभा स्तर पर जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर आगामी चुनाव की रणनीति तैयार कर रही है। इससे पहले भाजपा कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में मंडल अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठकें कर चुकी है। अब सांसदों और विधायकों के साथ लोकसभा क्षेत्रवार मंथन का दौर शुरू हो गया है।
उत्तराखंड में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसे देखते हुए भाजपा का जोर संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में सक्रिय करने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर है। पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत रखने और सरकार-संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर भी फोकस कर रही है।
गढ़वाल की तीन लोकसभा सीटों पर बैठक
मंगलवार, 18 अगस्त को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में गढ़वाल मंडल की तीन लोकसभा सीटों—टिहरी, गढ़वाल और हरिद्वार—को लेकर अलग-अलग चरणों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश संगठन के महामंत्री मौजूद हैं। संबंधित लोकसभा क्षेत्रों के सांसद, विधायक और जिला अध्यक्ष भी बैठकों में शामिल हो रहे हैं। बैठकों में संगठन की गतिविधियों, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की स्थिति, योजनाओं के प्रचार-प्रसार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की जा रही है।
टिहरी बैठक में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह अनुपस्थित
बैठक के पहले चरण में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। हालांकि टिहरी से भाजपा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते बैठक में शामिल नहीं हो सकीं। उनकी गैरमौजूदगी में भी टिहरी लोकसभा क्षेत्र से जुड़े अन्य जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल समेत कई विधायक और जिला स्तर के पदाधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों की स्थिति और संगठन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
गढ़वाल और हरिद्वार सीट पर भी होगा मंथन
बैठक के दूसरे चरण में दोपहर 2 बजे गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद शाम 5 बजे हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र को लेकर बैठक होगी। इस तरह भाजपा एक ही दिन में गढ़वाल मंडल की तीनों लोकसभा सीटों को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा कर रही है।
सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जो पूरे साल संगठनात्मक कार्यक्रमों और गतिविधियों के लिए सक्रिय रहता है। कार्यकर्ता और पदाधिकारी लगातार पार्टी की नीतियों और सरकार के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इन बैठकों का प्रमुख उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा करना है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं के सवाल, सुझाव और संगठन के आगामी लक्ष्यों पर भी विचार किया जा रहा है।
संगठन के लक्ष्यों को पूरा करने की रणनीति
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी में संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है और संगठन की ओर से निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरी मेहनत करते हैं। उन्होंने बताया कि मंडल अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठकों का चरण पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब लोकसभा स्तर पर सांसदों और विधायकों के साथ बैठकें की जा रही हैं।
लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की चुनौती
भाजपा विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर लगातार अपनी तैयारियों को आगे बढ़ा रही है। राष्ट्रीय नेतृत्व के दौरे, संगठनात्मक कार्यक्रमों और प्रदेश स्तर की बैठकों के बाद अब पार्टी का मुख्य फोकस जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर है। उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की चुनौती भाजपा के सामने है। ऐसे में पार्टी संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और चुनावी रणनीति को समय रहते मजबूत करने में जुटी है। गढ़वाल की तीनों लोकसभा सीटों पर हो रही बैठकें इसी चुनावी तैयारी की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही हैं।

Average Rating