अजनाला से दलजीत कलसी, मोगा से गुरमीत बुक्कनवाला को टिकट - Uttarakhand Samachar

अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने पांच और विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। नई सूची में दो ऐसे नाम भी शामिल हैं, जिन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई हो चुकी है और दोनों फिलहाल जेल में बंद हैं। पार्टी ने अमृतसर जिले की अजनाला विधानसभा सीट से दलजीत सिंह कलसी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मोगा विधानसभा सीट से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला को टिकट दिया गया है। दोनों नेताओं के खिलाफ NSA के तहत कार्रवाई की गई है और वे वर्तमान में जेल में बंद हैं।

इसके अलावा गिल विधानसभा सीट से दर्शन सिंह शिवालिक, कपूरथला सीट से जगजीत सिंह उर्फ बाबा जग्गा और कोटकपूरा विधानसभा सीट से रछपाल सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पांचों उम्मीदवारों के नामों का ऐलान अमृतसर में अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने किया। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) इससे पहले बस्सी पठाना विधानसभा सीट से सतवंत सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे हैं। इस तरह पार्टी अब तक कई विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम सामने ला चुकी है। उम्मीदवारों की घोषणा के दौरान तरसेम सिंह ने कहा कि पार्टी ऐसे परिवारों को प्राथमिकता दे रही है, जिन्होंने समुदाय और कौम के लिए योगदान दिया है। पार्टी की ओर से पंथक मुद्दों, सिख अधिकारों और युवाओं से जुड़े विषयों को चुनावी एजेंडे में प्रमुखता देने की बात कही जा रही है।

अमृतपाल सिंह की राजनीतिक सक्रियता भी इस चुनाव में अहम रहने वाली है। उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव जेल में रहते हुए खडूर साहिब लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था और जीत हासिल की थी। वह फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। जेल में रहने के कारण अमृतपाल सिंह संसद की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सके हैं। पार्टी की ओर से पहले यह कहा जा चुका है कि अमृतपाल सिंह 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव भी जेल में रहते हुए लड़ सकते हैं। करीब चार महीने पहले पार्टी ने उन्हें पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया था। पांच नए उम्मीदवारों के ऐलान के साथ पार्टी ने पंजाब की राजनीति में अपनी मौजूदगी और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। आने वाले समय में अन्य विधानसभा सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा होने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल अकाली दल (वारिस पंजाब दे) का राजनीतिक दल के तौर पर औपचारिक पंजीकरण नहीं हुआ है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *