Uttarakhand News: मसूरी में 17.80 करोड़ के प्रोजेक्ट, सैन्य धाम और रोपवे पर भी CM धामी ने दिया अपडेट

Read Time:7 Minute, 26 Second

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में करीब 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में बनाए गए नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पर्यटन, खेल और एडवेंचर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मसूरी के विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन की चर्चा होने पर मसूरी का नाम प्रमुखता से सामने आता है। पहाड़ों की रानी की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करता है। पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार मसूरी के समग्र विकास के लिए कई परियोजनाओं पर काम कर रही है। पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। वहीं मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक करीब 13 किलोमीटर मुख्य सड़क के उच्चीकरण का काम भी कराया जा रहा है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से कई गांवों तक पेयजल सुविधा पहुंचाई गई है।

सड़क और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक के मार्ग को सीआरएफ योजना के तहत सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का काम भी पूरा हो चुका है। वहीं बाढ़ से सुरक्षा के लिए सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर करीब 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं। न्यू कैंट रोड क्षेत्र में भी बाढ़ सुरक्षा से जुड़े काम किए जा रहे हैं।

धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों और कानूनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और जनसांख्यिकीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू किए जाने और दंगों के दौरान सार्वजनिक व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से ही क्षतिपूर्ति की वसूली से संबंधित कानून का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। उनके अनुसार इसके बाद राज्य में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिली है।

स्वरोजगार योजनाओं से युवाओं को जोड़ने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन न करना पड़े, इसके लिए सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने नई स्टार्टअप नीति, ‘एक जनपद दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘होम स्टे योजना’, ‘वेड इन उत्तराखंड’ और ‘सौर स्वरोजगार योजना’ जैसी पहलों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन योजनाओं के जरिए बड़ी संख्या में युवा अपने गांव और शहर में ही रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने यह भी कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।

‘ऐसा उत्तराखंड बनाना है जहां रोजगार के लिए पलायन न हो’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड तैयार करना है, जहां युवाओं को रोजगार की तलाश में अपना गांव और प्रदेश छोड़ने की मजबूरी न हो। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया।

गणेश जोशी ने भी गिनाए विकास कार्य

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। कार्यक्रम में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर और लक्ष्मण सिंह रावत समेत कई लोग मौजूद रहे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
Please follow and like us:
Pin Share

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *