हरिद्वार:- मानसून के दौरान हरिद्वार में सांपों के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने का सिलसिला जारी है। शहर के अलग-अलग इलाकों में सांप निकलने की तीन घटनाओं से लोगों में हड़कंप मच गया। इनमें एक मामला उस समय बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया, जब करीब सात फीट लंबा धामन सांप एक कार के अंदर घुस गया और बैकलाइट के हिस्से में जाकर छिप गया। सांपों के आबादी में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) मौके पर पहुंची। टीम ने तीनों स्थानों से सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में उन्हें जंगल में छोड़ दिया। राहत की बात रही कि किसी भी घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। कार के अंदर घुसा सात फीट लंबा धामन पहली घटना हरिद्वार के सेक्टर-3 क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां एक कार के अंदर करीब सात फीट लंबा धामन सांप दिखाई दिया। स्थानीय तौर पर इसे रेड स्नेक भी कहा जाता है। कार के अंदर सांप देखकर मालिक घबरा गया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची QRT टीम ने सांप को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सांप कार की बैकलाइट के अंदर जाकर छिप गया। इसके बाद कार को एक धुलाई सेंटर तक ले जाया गया। वहां सीट कवर और बैकलाइट का हिस्सा खुलवाकर सांप की तलाश की गई। काफी प्रयास के बाद स्नेक कैचर भोला ने सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया, जिसके बाद कार मालिक ने राहत की सांस ली। घर में मिला छह फीट लंबा कोबरा दूसरी घटना राजलोक कॉलोनी की है। यहां एक मकान के भीतर करीब छह फीट लंबा कोबरा दिखाई देने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घर के लोगों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद QRT टीम मौके पर पहुंची और सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम में शामिल स्नेक कैचर भोला ने काफी मशक्कत के बाद कोबरा को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। मनसा देवी मंदिर के पास घर में घुसा अजगर तीसरी घटना मनसा देवी मंदिर के नजदीक जोगीवाला कॉलोनी की है। यहां एक घर में अजगर के पहुंचने से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर जितेंद्र मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर को रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद अजगर को भी सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। मानसून में वन विभाग की QRT टीम अलर्ट हरिद्वार के जिला वन अधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध के अनुसार मानसून के दौरान बारिश और जलभराव के कारण सांप समेत कई वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच सकते हैं। इसी वजह से वन विभाग की QRT टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आबादी वाले इलाके में सांप अथवा कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर घबराने या उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू कर सके। mहरिद्वार में सामने आए इन तीनों मामलों में वन विभाग की टीम ने समय पर कार्रवाई करते हुए सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। किसी भी घटना में इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचा। Please follow and like us: Share Post Share Post navigation Cyber Attack Uttarakhand: मालवेयर मिलने के बाद अलर्ट, सरकारी वेबसाइटों की सुरक्षा पर उठे सवाल Uttarakhand News: मसूरी में 17.80 करोड़ के प्रोजेक्ट, सैन्य धाम और रोपवे पर भी CM धामी ने दिया अपडेट