दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का आलम, लू के थपेड़ों से बचने की सलाह - Uttarakhand Samachar

दिल्ली:-  देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी कर दी है। अप्रैल के महीने में ही इस बार जून जैसे हालात हो गए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लोगों को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए दिल्ली से सटे लगभग 15 जिलों में लू के थपेड़े चलने की चेतावनी जारी की है।बीते सोमवार को इस सीजन में अधिकतम तापमान पहली बार 40 के पार चला गया। वहीं मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार दिन भर लू चलेगी। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण यह इस सीजन का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। बीते साल अप्रैल में सबसे अधिक तापमान 27 अप्रैल को 40.5 और वर्ष 2023 में 18 अप्रैल को 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। जबकि 2009 में 30 अप्रैल को और 2022 में 29 अप्रैल को तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

तापमान का ऑल टाइम रिकॉर्ड वर्ष 1941 में 29 अप्रैल का है, जब तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 6 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38.2 व 5 अप्रैल को 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं सोमवार को इस मौसम की पहली लू चली। लू की स्थिति तब बनती है जब अधिकतम तापमान 40 या उससे अधिक हो और सामान्य से चार से पांच डिग्री अधिक हो।  ऐसा देखा गया है कि अप्रैल के अंत में ही तापमान में बढ़ोतरी होती है लेकिन इस साल शुरुआत में ही गर्मी झुलसा रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार व बुधवार को भी तापमान 40-42 डिग्री के बीच रहने और लू चलने की भविष्यवाणी की है।

आज से बन रहा एक पश्चिमी विक्षोभ
वहीं आठ अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में दस्तक दे रहा है, इसका असर 9 से 11 अप्रैल तक रहेगा। इस कारण से दस अप्रैल को आंशिक बादल छाने की संभावना है। जिससे हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि इससे तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट ही होगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी होनी शुरू होगी।

आज का तापमान
अधिकतम तापमान : 40.2 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान : 20.2 डिग्री सेल्सियस
8 अप्रैल को सूर्यास्त शाम 6:43 मिनट
9 अप्रैल को सूर्योदय : सुबह 6:02 मिनट

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *