बड़ौत में निर्वाण महोत्सव में बड़ा हादसा, मंच गिरने से सात की मौत, 75 घायल - Uttarakhand Samachar

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बड़ा हादसा हुआ है। बागपत में भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर कार्यक्रम के लिए लकड़ी से बना मंच ढह गया। नीचे दबने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 75 से अधिक घायल हैं। मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

बताया गया कि तुरंत एम्बुलेंस नहीं मिलने पर घायलों को ई रिक्शा में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर बड़ौत कोतवाली इंस्पेक्टर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी और एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे। घायलों में तकरीबन 15 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, बड़ौत शहर कोतवाली इलाके के गांधी रोड पर यह दर्दनाक हादसा हुआ है। श्री दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के मैदान पर बनाए गए कार्यक्रम का मंच टूट गया। इससे सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 75 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बनाया गया था 65 फीट ऊंचा मंच
आज निर्वाण महोत्सव के तहत यहां धार्मिक कार्यक्रम होना था, इसके लिए यहां 65 फीट ऊंचा मंच बनाया गया था। मंच पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने से इसकी सीढ़ियां टूट गई। बताया जा रहा है कि जैन कॉलेज परिसर में स्थापित मानस्तम्भ में विराजमान प्रतिमा जी का अभिषेक करने के लिए लगाई गई अस्थायी सीढ़ियां गिर गई हैं। इससे श्रद्धालु नीचे दब गए और भगदड़ मच गई।

इनकी हुई माैत
हादसे में तरसपाल (66) पुत्र हुकमचंद गांधी रोड इमली वाली गली, अमित (35) पुत्र नरेश चंद, अरुण(48) पुत्र केशव राम, ऊषा (24)  पत्नी सुरेंद्र, शिल्पी (24) पुत्री सुनील जैन, विनीत जैन (40) पुत्र सुरेंद्र, कमलेश जैन(65) पत्नी सुरेश चंद की माैत हो गई है। घायलों का उपचार चल रहा है।

25 वर्ष से हर साल होता था आयोजन
बता दें कि ये आयोजन करीब 25 वर्षों से प्रतिवर्ष होता है। जहां आयोजन हो रहा था वहां तभी भराव हुआ था। मिट्टी में नमी थी। आयोजन स्थल पर बनाए गए मंच पर श्रद्धालु अधिक संख्या में चढ़ने से बल्लियों का बैलेंस बिगड़ गया और रस्सियां टूट गई।

घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल
हादसा होते ही ऊंचाई पर बना मंच भरभराकर नीचे गिर पड़ा और 15 पुलिस कर्मी और 75 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। इनको अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें अभी तक सात की मौत हो चुकी है और कई की हालत गंभीर है। वहीं मृतकों के पोस्टमार्टम नहीं कराने को लेकर माैके पर माैजूद लोगों ने हंगामा कर दिया। माैके पर अधिकारी माैजूद हैं।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *