उत्सवों के बीच मनाई जाएगी उत्तराखंड की रजत जयंती, 9 नवंबर को होगा मुख्य समारोह - Uttarakhand Samachar

उत्तराखंड राज्य की स्थापना के रजत जयंती समारोह को इस बार राज्य सरकार बेहद उत्साह, उमंग और जोश के साथ मनाने जा रही है। पूरे हफ्ते नई दिल्ली से लेकर देहरादून तक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। आगाज नई दिल्ली में नवनिर्मित उत्तराखंड भवन के उद्घाटन से होगा और नौ नवंबर को मुख्य समारोह के साथ 12 नवंबर को इगास पर्व तक जश्न अलग-अलग कार्यक्रमों के रूप में चलते रहेंगे। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने छह से 12 नवंबर तक होने वाले राज्य स्थापना से जुड़े कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया। छह नवंबर को नई दिल्ली में उत्तराखंड भवन के उद्घाटन के दौरान प्रवासी उत्तराखंडियों और महानुभावों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी सांसद, मंत्री व केंद्र सरकार में कार्यरत उत्तराखंड के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस कड़ी में सात नवंबर को दून विवि में प्रवासी उत्तराखंड सम्मेलन होगा।

उसी शाम मुख्यमंत्री आवास पर सांस्कृतिक संध्या होगी। आठ नवंबर को पुलिस लाइन में पुलिस परेड, उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार वितरण समारोह के साथ झांकियों का प्रदर्शन भी होगा। इसी दिन मुख्यमंत्री सालभर रजत जयंती समारोह मनाने की घोषणा करेंगे और सूचना विभाग द्वारा तैयार लोगो का अनावरण करेंगे।

नौ नवंबर को मुख्य समारोह होगा। उस दिन कई कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। इस दिन सीएम राज्य के विकास से जुड़ी नई घोषणाएं करेंगे। वह योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। 10 नवंबर को संस्कृति विभाग के नींबूवाला स्थित ऑडिटोरियम में कार्यक्रम होंगे। कृषि विभाग 11 नवंबर को पंत नगर विवि संग मिलकर कार्यक्रम करेगा। महिला सशक्तीकरण व बाल विकास विभाग में बच्चों, महिलाओं से संबंधित कार्यक्रम होंगे। शिक्षा विभाग राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं कराएगा और बच्चों को पुरस्कृत करेगा। कौशल विकास विभाग रोजगार मेले लगाएगा। 12 नवंबर को सीएम आवास पर इगास पर्व मनाया जाएगा।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *