नवरात्र का पहला दिन, मां शैलपुत्री की आराधना से शुरू हुआ पर्व - Uttarakhand Samachar

शारदीय नवरात्र आज से शुरू हो गए हैं। दुर्गा मंदिरों में सुबह से भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। घरों के साथ ही मंदिरों में घट स्थापना कर पूजा-अर्चना की जा रही है। इस बार मां पालकी में सवार होकर आई हैं। नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा होगी।

आचार्य डॉ. सुशांत राज ने बताया कि नवरात्र के दिन घटस्थापना मुहूर्त सुबह 6:15 बजे से 7:22 बजे तक रहेगा। वहीं अभिजीत मुहूर्त 11:46 बजे से 12:33 बजे तक रहेगा। पांच और छह अक्तूबर को तृतीया तिथि रहेगी। इस दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाएगी।

बताया कि इस बार नवरात्र में तिथियां बढ़ रही हैं जोकि शुभ संकेत हैं। सात अक्तूबर को चौथा नवरात्र होगा। 11 अक्तूबर को अष्टमी और नवमी का पूजन एक ही दिन होगा। अष्टमी तिथि दस अक्तूबर को दोपहर 12:31 से शुरू होकर 11 अक्तूबर को दोपहर 12:06 पर समाप्त होगी।

इसके बाद नवमी तिथि शुरू होगी। घट स्थापना पर इस बार कन्या राशि में चतुर्ग्रही योग बन रहा है। जिसमें बुध, सूर्य, केतु और चंद्रमा विराजमान रहेंगे। उत्तराखंड विद्वत सभा के अध्यक्ष आचार्य विजेंद्र प्रसाद ममगाईं ने बताया कि नवरात्र में नौ अक्तूबर को कालरात्रि पूजा की जाएगी। वहीं 12 अक्टूबर  को विजयदशमी का पर्व मनाया जाएगा।

सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में नवरात्र में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शुभ मुहूर्त में घट स्थापना होगी। इसके बाद मां भगवती की प्रतिमा को चोला अर्पण कर पूजा-अर्चना की जाएगी। तीन से 11 अक्टूबर तक मंदिर में मेला मैया की भजन संध्या के नाम माता रानी की चौकी होगी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *