आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में शनिवार-रविवार को भारी बारिश, सड़कें और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया - Uttarakhand Samachar

शनिवार और रविवार को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में आसमान में आफत बरसी। इस बारिश के चलते दोनों राज्यों में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात हैं और सड़कें जलमग्न हैं और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। जल भराव के चलते दोनों राज्यों में रेल, सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की नदियां पूरे उफान पर हैं। हालात को देखते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में तैनात की गई है।

बारिश के चलते आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द करनी पड़ी हैं। वहीं कई ट्रेनों का रूट बदलना पड़ा है। बारिश के चलते कई रेलवे ट्रैक पानी में डूबे हुए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी से फोन पर बात की और हालात का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने दोनों मुख्यमंत्रियों को केंद्र की तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेती श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश के चलते 15 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। हैदराबाद में बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया है। इसके चलते शहर में सोमवार को स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

मौसम विभाग ने सोमवार को भी आदिलाबाद, निजामाबाद, राजन्ना सिरसिल्ला, याद्री भुवनगिरी, विकाराबाद, सांगारेड्डी, कामारेड्डी और महबूबनगर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। आंध्र प्रदेश में भी बारिश के चलते 15 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा जिला सबसे ज्यादा बाढ़ से प्रभावित है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शीर्ष अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक बुलाई है। अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है और बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने का निर्देश दिया है। बारिश के चलते जिले में कई जगह जलभराव की स्थिति है। श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मान्यम, अल्लुरी सीताराम राजू, काकीनाडा और नांदयाला जिले में भारी बारिश हुई है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि हम व्यवस्था बनाने में जुटे हैं। फिलहाल 110 नौकाओं के द्वारा लोगों को खाना और मेडिकल मदद की जा रही है। मैं लगातार स्थिति का जायजा ले रहा हूं और अधिकारी भी पूरी सक्रियता से काम कर रहे हैं। बीती रात से मैंने कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया है। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। हम बाढ़ प्रभावित इलाकों में कमांड और कंट्रोल सेंटर बना रहे हैं। बाढ़ के चलते तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में मरने वालों का आंकड़ा 30 के भी पार चला गया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *