देहरादून : मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु की अध्यक्षता में सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने पेयजल योजनाओं के लिए पूरे शहरों के मास्टर प्लान तैयार किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल योजनाओं में स्रोतों को स्थिर बनाए रखने के लिए तंत्र विकसित किया जाए। मुख्य सचिव ने जनपद देहरादून में लाडपुर क्षेत्र की जलापूर्ति योजना में भविष्य में शुरू होने वाली सोंग बांध गुरुत्व आधारित योजना के अंतर्गत कनेक्शन आदि का प्राविधान सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए। सीएस ने कहा कि आमजन को दिए जाने वाले कनेक्शन के लिए जल संस्थान द्वारा न्यूनतम चार्ज आसान किश्तों में बिल के साथ जोड़कर लिया जाए। उन्होंने सभी योजनाओं के अंतर्गत मीटर अनिवार्य रूप से लगाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे पानी का दुरुपयोग कम होगा। बैठक के दौरान राज्य सेक्टर के अन्तर्गत जनपद देहरादून नगर निगम क्षेत्र लाडपुर स्थित रिंग रोड में 500.32 लाख लागत की जलापूर्ति योजना, अमृत – 02 योजनान्तर्गत जनपद चम्पावत में 946.63 लाख लागत की बनबसा नगर जलापूर्ति योजना के पुनर्निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई। साथ ही जनपद पौड़ी में 2556.38 लाख लागत की सतपुली पेयजल योजना और जनपद चमोली में 3245.00 लाख लागत की गौचर पेयजल योजना के पुनर्निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति दी गई। इस अवसर पर सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी एवं अपर सचिव उदयराज सिंह सहित अन्य विभागीय उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। Please follow and like us: Share Post Share Post navigation मुख्यमंत्री धामी ने कहा प्रधानमंत्री ने अपना हर क्षण देश सेवा के लिए किया समर्पित मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संवाद कार्यक्रम में किया प्रतिभाग