केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले चमोली के थराली विधायक टम्टा - Uttarakhand Samachar

रुद्रप्रयाग:- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से चमोली के थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने नई दिल्ली में मुलाकात की। विधायक टम्टा ने पिंडर घाटी एवं घाट विकासखंड की 6 मोटर मार्गों का कायाकल्प करने के लिए केंद्रीय सड़क अवस्थापना निधि के तहत सुधारीकरण एवं बीएम व एसडीबीसी के अंतर्गत कार्य करने की मांग की। इस पर केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सहानुभूति पूर्वक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुलाकात के बाद थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि पिछले महीने उनके द्वारा थराली-देवाल-मंदोली राजकीय मोटर सड़क, नंदप्रयाग-नंदनगर घाट मोटर सड़क को डेढ़ लाइन किए जाने, घाट-सुतोल-कनोल मोटर मार्ग, ग्वालदम-नंदकेसरी राज मार्ग, घाट-रामणी एवं थराली-कुराड़ मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग की गई थी। उन्होंने बताया कि ये सभी सड़कें 12 सालों से आयोजित होने वाली विश्व की सबसे लंबी धार्मिक यात्राओं में शुमार श्री नंदा देवी राजजात यात्रा के मुख्य मार्ग हैं। 2026 में नंदा देवी राजजात यात्रा प्रस्तावित है।

विधायक ने कहा कि, नंदा देवी राजजात यात्रा से पहले इन 6 सड़कों का कायाकल्प होना बहुत ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि थराली- वाण मोटर मार्ग विश्व प्रसिद्ध सबसे लंबी पैदल यात्रा का मुख्य राजमार्ग है। रूपकुंड, औली बुग्याल, भेकलताल, ब्रह्मताल जाने वाले पर्यटक इसी रूट से होकर गुजरते हैं। इन सड़कों की स्वीकृति होने पर इन पर्यटन स्थलों में देश-विदेश से हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे और प्रकृति का आनंद लेंगे। उन्होंने कहा कि सड़कें ठीक रहेंगी तो पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, साथ ही पलायन पर भी रोक लगेगी।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *