मुख्यमंत्री धामी ने हरि सेवा आश्रम के वार्षिकोत्सव में दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारम्भ - Uttarakhand Samachar

हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में हरि सेवा आश्रम के वार्षिकोत्सव, दशहरा महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया एवं सन्तों, महात्माओं का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

इस अवसर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्हें आज श्रीमद्भागवत जैसे पुण्य कार्य में सहभागी होने का सुअवसर मिला है। महामण्डलेश्वर स्वामी हरिचेतनानन्द जी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र, धर्म तथा संस्कृति को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज पूरा देश तेजी से विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री इस समय कई देशों के प्रवास पर हैं, जिस देश में भी वे जा रहे हैं, वहां उत्सव जैसा माहौल है तथा भारत के प्रति विश्व का नजरिया बदला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जी-20 की अध्यक्षता करने का अवसर मिला है। उत्तराखण्ड को भी इसकी तीन बैठकें मिली हैं। एक बैठक रामनगर में हो चुकी है, दूसरी का शुभारंभ ऋषिकेश में होगा एवं तीसरी बैठक आगामी दिवसों में होने जा रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मन्दिर का निर्माण हो रहा है, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर अपना भव्य स्वरूप प्राप्त कर चुका है। केदारनाथ भव्य व दिव्य बन गया है, आने वाले समय में हेमकुंट धाम की यात्रा रोपवे बनने से और भी आसान होने वाली है। इस अवसर पर महामण्डलेश्वर स्वामी हरिचेतनानन्द, महन्त दुर्गादास, महामण्डलेश्वर ललितानन्द गिरि, महामण्डलेश्वर जगदीश दास महाराज, गोविन्ददास महाराज, महन्त कमलदास महाराज, प्रहलाद दास महाराज, भारत माता के प्रबन्ध न्यासी आइडी शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *