बस्ती रहा यूपी का सबसे गर्म जिला, बाराबंकी में दर्ज हुआ सबसे कम न्यूनतम तापमान

Read Time:4 Minute, 55 Second

Uttar Pradesh Weather  

लखनऊ/उन्नाव: उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का सिलसिला जारी है। रविवार को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ कहीं हल्की तो कहीं भारी और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं, उन्नाव में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में बांदा, प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, संत रविदास नगर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी शामिल हैं।

कई जिलों में दर्ज हुई जोरदार बारिश

रविवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बाराबंकी में 12 मिमी, बहराइच में 20 मिमी, कन्नौज में 12 मिमी, वाराणसी में 10 मिमी, मुजफ्फरनगर में 72 मिमी, मेरठ में 38 मिमी, बिजनौर में 28 मिमी, सहारनपुर में 20 मिमी और ललितपुर में 17 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रहा, जबकि कुछ स्थानों पर जलभराव और आवागमन से जुड़ी समस्याएं भी देखने को मिलीं।

लखनऊ में भी बारिश की संभावना

राजधानी लखनऊ में सोमवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बस्ती रहा सबसे गर्म, बाराबंकी में दर्ज हुआ सबसे कम न्यूनतम तापमान

रविवार को बस्ती उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक रहा। वहीं, बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री कम बताया गया।

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के उत्तरी उड़ीसा के रास्ते उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वांचल में हल्की से मध्यम बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने के साथ बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है और प्रभावी वर्षा की संभावना भी घटने की बात कही गई है।

उन्नाव में उफनाई गंगा, गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा

उन्नाव जिले में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से परियर क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बढ़ते पानी के कारण कई गांवों के सामने बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है और करीब 200 बीघा फसल जलमग्न होने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गंगा का जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो अगले तीन से चार दिनों में नदी किनारे बसे गांवों तक पानी पहुंच सकता है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राजस्व विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
Please follow and like us:
Pin Share

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *