हल्द्वानी के ओखलकांडा में पति पर पत्नी की हत्या का आरोप, चार बच्चों की मां थी मृतका - Uttarakhand Samachar

हल्द्वानी:-  नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ला ओखलकांडा में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में घर पहुंचे पति ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 36 वर्षीय भीम सिंह उर्फ मोनू 21 अगस्त की रात मजदूरी करने के बाद शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी 28 वर्षीय पत्नी डिंकी देवी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद भीम सिंह ने पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। गंभीर चोट लगने के कारण डिंकी देवी की मौत हो गई।

बेटे ने पड़ोसियों को बताया- मां सुबह से नहीं उठी

घटना का पता तब चला जब दंपती के बेटे ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां सुबह से उठ नहीं रही है। इसके बाद पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने 22 अगस्त को घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आरोपी की तलाश में तीन पुलिस टीमें गठित

एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने बताया कि पति द्वारा पत्नी की हत्या की सूचना मिलने पर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आरोपी की तलाश में पंपलेट तैयार कर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

चार छोटे बच्चों को छोड़ गई डिंकी

डिंकी देवी की मौत के बाद उसके चार छोटे बच्चे बेसहारा हो गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, भीम सिंह मजदूरी करता था और शराब का आदी था। वह दो भाइयों में छोटा है। उसका बड़ा भाई सोनू दिल्ली में निजी नौकरी करता है। बताया गया है कि दोनों भाइयों के माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था और उनका पालन-पोषण उनके मामा ने किया था। फिलहाल पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है और उसकी गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जाएगी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *