सड़क हादसे में बिखर गई खुशियां, बिहार में बारात जा रही SUV-ट्रैक्टर की टक्कर, 8 की मौत - Uttarakhand Samachar

बिहार के कटिहार में समेली प्रखंड कार्यालय के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर एक एसयूवी और ट्रैक्टर आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर विपरीत दिशा से आ रहा था।

उन्होंने बताया कि कार सवार लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे। सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात समेली प्रखंड कार्यालय के पास हुई दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर तत्काल पहुंचे राहत और बचाव दल ने पीड़ितों को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों में टुनटुन कुमार, ज्योतिष कुमार, प्रिंस कुमार, अजय कुमार, सिक्कू कुमार और तीन युवक शामिल हैं, जबकि दो की स्थिति नाजुक है। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और शादी का माहौल देखते ही देखते मातम में तब्दील हो गया। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़ित सुपौल के निवासी हैं, एसपी ने कहा कि ऐसा माना जाता है कि सभी पीड़ित एसयूवी में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में घायल हुये दो लोगों, जिनका इलाज पूर्णिया सदर अस्पताल में चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *