मुख्य सचिव ने व्यय वित्त समिति की बैठक में अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने की चेतावनी दी - Uttarakhand Samachar

देहरादून:- मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में आज सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक हुई। मुख्य सचिव ने समयबद्धता से कार्य न होने की दशा में योजनाओं की लागत बढ़ने पर अधिकारियों को व्यय वित्त समिति में अनुमोदित सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की सख्त हिदायत दी।

मुख्य सचिव ने सचिव स्वास्थ्य को राज्य के सभी हेल्थ सेन्टर, हाॅस्पिटल तथा मेडिकल काॅलेजों में अनिवार्यतः सोलर रूफटाॅप पैनल लगाने के लिए तत्काल आदेश जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीएस ने महानिदेशक शिक्षा को राज्य के सभी स्कूल एवं हाॅस्टल में भी सोलर रूफटाॅप पैनल लगाने हेतु आज ही आदेश जारी करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने सचिव स्वास्थ्य को अधिक मातृत्व मृत्यु दर वाले संवेदनशील क्षेत्रों में मेटरनल डेथ ऑडिट करने के बाद इन क्षेत्रों में पर्याप्त डाॅक्टरों की तैनाती के भी निर्देश दिए।

सीएस ने जिला चिकित्सालय चम्पावत के तहत लोवर ग्राउण्ड फ्लोर पर पार्किंग निर्माण, प्रथम एवं द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग तथा ओटी के निर्माण हेतु सैद्धान्तिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी। जनपद चम्पावत में चिकित्सकीय सुविधाओं की बढ़ती मांग के दृष्टिगत पृथक पार्किंग एवं एडमिनिस्ट्रेटिव विंग के निर्माण से मुख्य भवन में लगभग 6 कक्ष खाली हो जाएंगे, जिनको अन्य चिकित्सकीय सुविधाओं हेतु उपयोग में लाया जायेगा। इसके अतिरिक्त कार पार्किंग से मरीजों/तीमारदारों को कार पार्किंग की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी तथा वर्तमान पार्किंग स्पेस का इस्तेमाल विभागीय वाहन एम्बुलेन्स आदि की पार्किंग हेतु किया जा सकेगा।

मुख्य सचिव ने जनपद उत्तरकाशी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुरोला को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने के प्रस्ताव पर अनुमोदन दिया। सीएस ने इस योजना में रिवर प्रोटेक्शन वर्क पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद हरिद्वार में उप जिला चिकित्सालय रुड़की में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लाॅक के निर्माण कार्य, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, बागेश्वर के भवन/छात्रावास के निर्माण कार्य तथा जनपद हरिद्वार के खानपुर में 50 बेड के उपजिला चिकित्सालय भवन एवं आवासीय भवन के निर्माण कार्यो पर सैद्धान्तिक एवं वित्तीय अनुमोदन भी प्रदान किया। इस दौरान बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार सहित सभी सम्बन्धित विभागों के सचिव, अपर सचिव एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *