देहरादून कैंट सीट से उप चुनाव लड़ सकते हैं धामी - Uttarakhand Samachar

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून कैंट सीट से उप चुनाव लड़ सकते हैं। बुधवार को अचानक यह चर्चा राजनीतिक गलियारों में तैरने लगी। दरअसल, भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खुद को 22 साल से कैंट क्षेत्र का निवासी बताया। उनके इसी बयान ने इस चर्चा को हवा दी, जिसे उनकी देहरादून कैंट सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा से जोड़कर देखा जा रहा है।

स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनका कैंट विधानसभा से पुराना नाता है। 22 साल से वह यमुना कालोनी में रह रहे हैं। यहां उन्हें सब जानते हैं। उनके इस बयान के बाद चर्चा शुरू हो गई कि खटीमा से विधानसभा चुनाव हारने के बाद मुख्यमंत्री बने पुष्कर सिंह धामी देहरादून कैंट से ही विधायक चुने जाने की तैयारी कर रहे हैं।

यहां से भाजपा विधायक सविता कपूर उनके लिए सीट छोड़ सकती हैं। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई औपचारिक बयान नहीं आया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह पारदर्शिता के साथ काम करेंगे और प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास कार्य पहुंचाएंगे। उत्तराखंड राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ बेहद खास होने की बात भी उन्होंने कही। बोले, तब तक प्रदेश में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूर्ण हो जाएंगे। भाजपा मसूरी मंडल की ओर से पार्टी का 42वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी को मजबूती प्रदान करने वाले नेताओं को याद किया गया, जिनकी बदौलत आज भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनी है।

तिलक मेमोरियल लाइब्रेरी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता मदन मोहन शर्मा ने कहा कि पार्टी की स्थापना के मौके पर मसूरी से पांच लोगों का प्रतिनिधिमंडल प्रगति मैदान दिल्ली गया था, जिसमें सिर्फ मैं ही आज आपके बीच हूं। मुझे गर्व है कि में 42 सालों से पार्टी की सेवा कर रहा हूं। मंडलाध्यक्ष मोहन पेटवाल व पूर्वपालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने पार्टी कार्यकत्र्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा में पहले कार्यकत्र्ता पार्टी के लिए काम करते हैं, पद बाद में है। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्त्‍ता मौजूद थे।

 

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *