देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के विकास, सामाजिक उत्थान, संस्कृति, खेल, शिक्षा, चिकित्सा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इन पुरस्कारों के लिए चयनित महानुभावों के नाम घोषित कर दिए हैं। सभी चयनित लोगों को 9 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में सम्मान प्रदान किया जाएगा। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हर वर्ष प्रदेश के लिए विशेष योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने और उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली 15 विभूतियों का चयन किया गया है। इनमें राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र से लेकर चिकित्सा, उद्यमिता, फिल्म जगत, लोक संस्कृति, शिक्षा, पत्रकारिता, सामाजिक कार्य, पर्यावरण और खेल जगत से जुड़े नाम शामिल हैं। राजनीतिक, चिकित्सा और उद्यमिता क्षेत्र की विभूतियों को मिलेगा सम्मान उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 के लिए राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व सैन्य अधिकारी स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी का मरणोपरांत चयन किया गया है। उनके योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें यह पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किया जाएगा। चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टर जीवन सिंह तितियाल को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, उद्यमिता के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले मनमोहन भारद्वाज को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाने और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। लोक संस्कृति, शिक्षा और पत्रकारिता से जुड़े नाम भी शामिल उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाली लोक जागर गायिका हेमा नेगी करासी को भी उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, लोक गायिका रेशमा शाह का चयन भी इस पुरस्कार के लिए किया गया है। शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए डॉक्टर गिरीश रंजन तिवारी को सम्मानित किया जाएगा। सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान देने वाले पर्यावरणविद सुरेश भाई को भी उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। इन सभी विभूतियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में काम करते हुए प्रदेश की पहचान और सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में योगदान दिया है। खेल जगत की पांच हस्तियों को मिलेगा उत्तराखंड गौरव सम्मान इस वर्ष खेल के क्षेत्र में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले पांच खिलाड़ियों को भी उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026 के लिए चुना गया है। इनमें भारतीय महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट और वंदना कटारिया के साथ धाविका अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और खिलाड़ी कपिल पोखरिया शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। खेल जगत की इन पांच हस्तियों को सम्मानित किए जाने से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं और युवा खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। 9 नवंबर को परेड ग्राउंड में आयोजित होगा मुख्य समारोह गौरतलब है कि उत्तराखंड का गठन 9 नवंबर 2000 को हुआ था। इसी दिन प्रत्येक वर्ष राज्य स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और अन्य समारोहों का आयोजन किया जाता है।वर्ष 2026 में राज्य स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इसी समारोह में चयनित 15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रदेश की संस्कृति, लोक परंपराओं और राज्य की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। राज्य स्थापना दिवस की तैयारियां तेज राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकार से लेकर शासन और संबंधित विभागों तक सभी स्तरों पर आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 के माध्यम से प्रदेश सरकार उन व्यक्तित्वों को सम्मानित करेगी, जिन्होंने अपने कार्यों और उपलब्धियों से राज्य की पहचान को मजबूत करने में योगदान दिया है। 9 नवंबर को आयोजित होने वाला यह समारोह राज्य की 26 वर्षों की यात्रा, उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली विभूतियों के सम्मान का अवसर बनेगा। Please follow and like us: Post navigation पिथौरागढ़ में नाबालिग छात्रा के गर्भपात मामले में बड़ा खुलासा, DNA रिपोर्ट से बदला जांच का रुख; शिक्षक नहीं, किशोर निकला नवजात का जैविक पिता