Disha Salian News: FIR दर्ज होने के बाद अब CBI करेगी मौत के हालात की जांच - Uttarakhand Samachar

नई दिल्ली:-  दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने FIR दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद की गई है। अदालत ने एजेंसी को मामले की जांच करने और दिशा की मौत से जुड़े हालात का पता लगाने के निर्देश दिए थे।

8 जून 2020 को मृत मिली थीं दिशा सालियान

दिशा सालियान 8 जून 2020 को मृत पाई गई थीं। इसके कुछ दिन बाद ही सुशांत सिंह राजपूत भी मुंबई के बांद्रा स्थित अपने आवास पर मृत मिले थे। दिशा की मौत के मामले में शुरुआत में पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की थी। बाद में दिशा के परिवार की ओर से उनकी मौत को लेकर सवाल उठाए गए और मामले की विस्तृत जांच की मांग की गई। इसी मामले की सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाई कोर्ट की जस्टिस भारती डांगरे और जस्टिस मंजुषा देशपांडे की पीठ ने सिर्फ ADR दर्ज किए जाने को लेकर सवाल उठाए थे।

परिवार को पांच साल बाद भी नहीं मिली थी रिपोर्ट

अदालत के समक्ष यह बात भी सामने आई थी कि दिशा सालियान की मौत के करीब पांच साल बाद तक उनके परिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और ADR की प्रतियां उपलब्ध नहीं कराई गई थीं। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद दिशा के पिता सतीश सालियान ने कहा था कि उन्होंने जांच अधिकारियों को अपनी बेटी की मौत से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा दी है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि अब मामले में जल्द कार्रवाई शुरू होगी।

पिता ने जांच अधिकारियों को बताए कई नाम

सतीश सालियान ने शुक्रवार को निजी समाचार एजेंसी से बातचीत में बताया कि उन्होंने जांच टीम को अपनी बेटी की मौत से संबंधित घटनाओं के बारे में जो जानकारी थी, वह साझा कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अधिकारियों को कई लोगों के नाम बताए हैं, जिनसे वह चाहते हैं कि जांच के दौरान पूछताछ की जाए।

सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने जताई उम्मीद

दिशा सालियान मामले में CBI की जांच शुरू होने के बाद सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए जांच को लेकर उम्मीद जताई। वीडियो में श्वेता सिंह कीर्ति ने कहा, “सत्य की अपनी शक्ति होती है।” उन्होंने आगे कहा कि सत्य को कुछ समय के लिए दबाया और परेशान किया जा सकता है, लेकिन उसे पराजित नहीं किया जा सकता। अब CBI की FIR के बाद दिशा सालियान की मौत से जुड़े घटनाक्रम, उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच आगे बढ़ने की उम्मीद है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *