देहरादून: देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिला। शव नदी के समीप पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। सड़क किनारे खड़ी मिली कार एसएसआई सतेंद्र भाटी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के नजदीक सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और उसके नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना पर कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सुबह मसूरी जाने के लिए घर से निकले थे अजय परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय कुमार कोहली मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। अजय देहरादून में व्यापारी थे। कुछ देर बाद उनकी कार पानीवाला बैंड के पास सड़क किनारे खड़ी मिली और उनका शव सड़क से काफी नीचे खाई में बरामद हुआ। पुलिस को कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन भी मिला है। हालांकि, व्यक्ति खाई में कैसे गिरा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। एसडीआरएफ और फायर सर्विस ने चलाया रेस्क्यू शव बेहद गहरी खाई में होने के कारण एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। पुलिस जांच में जुटी एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि शव को खाई से बाहर निकालने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। Please follow and like us: Share Post Share Post navigation चमोली के रामणी गांव में दर्दनाक घटना, किशोर-किशोरी की मौत से गांव में शोक नन्ही उम्र में बड़ी उपलब्धि, रियांश और प्रिशा ने फतह किया किलिमंजारो, CM धामी ने बच्चों को दी शुभकामनाएं