ज्वालापुर सड़क हादसा: 300 मीटर तक घसीटे जाने का आरोप, किशोरी की मौत के बाद हंगामा - Uttarakhand Samachar

हरिद्वार:- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल 15 वर्षीय किशोरी की उपचार के दौरान मौत के बाद रविवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने किशोरी का शव सड़क पर रखकर धरना प्रदर्शन किया और आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित रहा और मौके पर वाहनों की कतार लग गई। स्थिति बिगड़ती देख आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस अधिकारियों की ओर से नियमानुसार कार्रवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।

तेज रफ्तार कार ने किशोरी को मारी थी टक्कर

परिजनों के मुताबिक, 30 अगस्त की रात ज्वालापुर क्षेत्र में रविदास चौक अंडरपास के पास महफिल रेस्टोरेंट के सामने यह हादसा हुआ था। लौधामंडी निवासी 15 वर्षीय किशोरी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि टक्कर के बाद चालक किशोरी को करीब 300 मीटर तक कार के साथ घसीटता हुआ ले गया। गंभीर रूप से घायल किशोरी का उपचार एम्स अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को उसकी हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर के बाद शनिवार को भी हुआ था प्रदर्शन

किशोरी की मौत की सूचना शनिवार को क्षेत्र में पहुंची तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने रेल चौकी पर धरना दिया था। इस दौरान उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। रविवार को परिजन दोबारा किशोरी का शव लेकर सड़क पर पहुंच गए। उन्होंने रेल चौकी से कटहरा बाजार मार्ग पर एसबीआई के पास नाले की पुलिया के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर यातायात प्रभावित होने लगा।

पुलिस ने समझाने की कोशिश की, बढ़ता गया आक्रोश

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ बढ़ने के साथ लोगों का आक्रोश भी बढ़ता गया। स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। परिजनों की मुख्य मांग आरोपी चालक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हो गए।

पुलिस बोली- पहले ही दर्ज हो चुका है मुकदमा

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही मुकदमा दर्ज कर चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *