मसूरी:- उत्तराखंड के मसूरी में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा होने से उस समय टल गया, जब गलोगीधार के पास उत्तराखंड परिवहन निगम के टेंपो ट्रैवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को खाई की ओर जाने से बचाने के लिए सूझबूझ दिखाते हुए उसे पहाड़ की तरफ मोड़ दिया। पहाड़ से टकराने के बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन सवार 17 यात्री घायल हो गए, जिनमें एक यात्री को गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है। ब्रेक फेल होते ही बिगड़ा संतुलन जानकारी के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर मसूरी से देहरादून की ओर जा रहा था। गलोगीधार के पास अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण स्थिति बिगड़ती देख उसने वाहन को खाई की दिशा में जाने से रोकने के लिए पहाड़ की ओर मोड़ दिया। पहाड़ से टक्कर के बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गया। चालक की इस सूझबूझ के चलते वाहन सीधे खाई में जाने से बच गया। हालांकि हादसे में कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मची चीख-पुकार वाहन के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टेंपो ट्रैवलर को सड़क पर पलटा देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चालक ने बताया कैसे बचा बड़ा हादसा टेंपो ट्रैवलर चालक के मुताबिक, मसूरी से देहरादून जाते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए थे। उन्होंने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। चालक ने बताया कि ऐसे में वाहन को पहाड़ की तरफ मोड़कर टक्कर मारना ही सबसे सुरक्षित विकल्प लगा। उनका कहना है कि यदि वाहन को पहाड़ की ओर नहीं मोड़ा जाता और वह खाई की तरफ चला जाता, तो हादसा कहीं ज्यादा गंभीर हो सकता था। यात्रियों ने सुनाई हादसे की पूरी कहानी एक यात्री ने बताया कि सफर सामान्य रूप से चल रहा था। अचानक कुछ ही पलों में टेंपो ट्रैवलर पलट गया और यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वाहन के अंदर चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने यात्रियों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच मसूरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। Please follow and like us: Share Post Share Post navigation उत्तराखंड में शुद्धिकरण विवाद पर सियासी संग्राम, BJP 7 सितंबर को करेगी प्रदेशव्यापी प्रदर्शन पर्यटन का दायरा बढ़ाने की तैयारी, विराट-अनुष्का के जरिए विंटर टूरिज्म को मिलेगा बूस्ट