कानपुर:- चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर बुधवार को आयोजित BSF कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल) भर्ती परीक्षा अव्यवस्थाओं और हंगामे के चलते रद्द कर दी गई। परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र पर तकनीकी खामियों, बिना जांच के प्रवेश और पेपर लीक होने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासन और बीएसएफ अधिकारियों के हस्तक्षेप से परीक्षा को निरस्त करने का फैसला लिया गया। परीक्षा शुरू होते ही सिस्टम ने दिया धोखा परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों के मुताबिक, पहली पाली शुरू होने के बाद करीब 40 मिनट तक कंप्यूटर सिस्टम काम नहीं कर रहे थे। सिस्टम चालू होने के बाद भी कई कंप्यूटरों में कीबोर्ड और माउस ने काम नहीं किया, जबकि सिर्फ सीपीयू चालू होने की बात सामने आई। अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा कक्ष में बिजली की समस्या के कारण लाइट और पंखे भी बंद थे। बारिश और उमस के बीच परीक्षा देने पहुंचे छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिना चेकिंग प्रवेश का भी आरोप मुंबई से परीक्षा देने पहुंची छात्रा शालिनी बागुन ने केंद्र की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि परीक्षार्थियों को बिना उचित चेकिंग के परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। छात्रों का कहना था कि जब उन्होंने बिजली और तकनीकी समस्याओं को लेकर केंद्र प्रबंधन से शिकायत की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और केंद्र पर विरोध शुरू हो गया। परीक्षा केंद्र पर तोड़फोड़, भारी पुलिस फोर्स तैनात हंगामा बढ़ने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह और एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह समेत चकेरी, कैंट, जाजमऊ, नौबस्ता और रेलबाजार थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया। आक्रोशित परीक्षार्थी परीक्षा की नई तारीख को लेकर स्पष्ट जानकारी की मांग कर रहे थे। छात्रों का कहना था कि जब तक बीएसएफ के आधिकारिक पोर्टल पर नई परीक्षा तारीख की पुष्टि नहीं होती, तब तक वे अपना प्रदर्शन समाप्त नहीं करेंगे। बीएसएफ अधिकारियों से बातचीत के बाद परीक्षा रद्द स्थिति बिगड़ती देख पुलिस कमिश्नर ने बीएसएफ के एडीजी मकरंद देवेशकर से संपर्क किया। इसके बाद परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया और नई परीक्षा तिथि 18 सितंबर घोषित की गई। मौके पर पहुंचीं एसीएम-2 कैंट शिखा शुक्ला ने भी परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही करने वाले परीक्षा केंद्रों को ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपने की बात कही। अन्य शहरों में भी गड़बड़ी की शिकायत बताया जा रहा है कि राजस्थान और जयपुर के कुछ परीक्षा केंद्रों से भी इसी तरह की अव्यवस्थाओं और गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई हैं। कानपुर में हुए हंगामे के बाद अब परीक्षा व्यवस्था और संबंधित केंद्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। Please follow and like us: Share Post Share Post navigation लखनऊ: मंत्री जयवीर सिंह निकले H1N1 पॉजिटिव, डॉक्टरों की सलाह पर क्वारंटीन UP Weather News: 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम