राहुल गांधी ने BJP-RSS को घेरा तो CM धामी ने किया पलटवार, शुद्धीकरण मामले पर कही बड़ी बात - Uttarakhand Samachar

हल्द्वानी/देहरादून:-  हल्द्वानी में मंच शुद्धीकरण के मामले को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को इस मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए इसे उनकी कथित मानसिकता से जोड़ दिया। राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा लड़ाई संविधान और भाजपा-आरएसएस की विचारधारा के बीच है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस नहीं चाहते कि दलित आगे बढ़ें, सफल हों और सम्मान के साथ जीवन जिएं। राहुल गांधी के बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर मुद्दाविहीन होने और शुद्धीकरण के मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में जाति के आधार पर भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं है।

राहुल गांधी ने BJP-RSS पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने शुद्धीकरण की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश में संविधान और भाजपा-आरएसएस की विचारधारा के बीच लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में हुई शुद्धीकरण की घटना भाजपा और आरएसएस की सोच को दर्शाती है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि भाजपा-आरएसएस की विचारधारा कथित तौर पर दलितों की प्रगति और सम्मान के खिलाफ है। उनके इस बयान के बाद उत्तराखंड में राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई।

CM धामी बोले- कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस राजनीतिक मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए शुद्धीकरण के मामले को लगातार तूल दिया जा रहा है। सीएम धामी ने दावा किया कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर धर्म विरोधी नारे लगाए गए थे और धर्म विशेष के नारे भी लगाए गए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कार्यक्रम के बाद मैदान में काफी गंदगी भी हुई थी। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान धार्मिक आयोजनों के लिए इस्तेमाल होने वाला स्थान है। इसी वजह से एक स्वयंसेवी संस्था से जुड़े लोगों ने वहां शुद्धीकरण किया था।

शुद्धीकरण करने वाली संस्था का BJP से संबंध नहीं: धामी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जिस संस्था से जुड़े लोगों ने मैदान में शुद्धीकरण किया, उसका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सभी लोगों को साथ लेकर चलने वाला राज्य है और यहां जाति या राजनीतिक दल के आधार पर भेदभाव की मानसिकता नहीं है। मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को यह तक जानकारी नहीं है कि खड़गे किस जाति से आते हैं। ऐसे में उनके जातिगत अपमान का सवाल ही नहीं उठता।

UCC और दूसरे कानूनों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना

सीएम धामी ने इस दौरान कांग्रेस पर समान नागरिक संहिता (UCC) समेत राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने प्रदेश में UCC लागू करने का संकल्प लिया था और इसे लागू किए जाने के बाद कांग्रेस को परेशानी होने लगी। मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण कानून और दंगा नियंत्रण कानून का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो या अवैध कब्जों और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई, कांग्रेस हर मुद्दे पर सवाल खड़े करती है।

‘बच्चों को असुरक्षित उत्तराखंड नहीं देना चाहते’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने कहा कि जो लोग कानून और व्यवस्था का पालन नहीं करते या अवैध गतिविधियों में शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। सीएम धामी ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है जहां प्रदेश के बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सके। उन्होंने कहा कि वह आने वाली पीढ़ी को असुरक्षित उत्तराखंड नहीं देना चाहते।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *