ज्वेलर से लूट के आरोपियों तक ऐसे पहुंची हरिद्वार पुलिस, CCTV और डिजिटल साक्ष्य बने मददगार

Read Time:6 Minute, 46 Second

हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली पुलिस ने बुजुर्ग ज्वेलर के साथ हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सामान भी बरामद करने का दावा किया है। इस मामले का खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने किया। जांच के दौरान एक आरोपी का बैग और उसमें मिला ATM कार्ड पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।

21 अगस्त की रात बुजुर्ग ज्वेलर से हुई थी लूट

पुलिस के अनुसार, शिवलोक कॉलोनी फेज-3 निवासी प्रदीप कुमार शर्मा ने 21 अगस्त को रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात के समय शिवलोक कॉलोनी के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा किया और लूट की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने कथित तौर पर ज्वेलर का बैग छीन लिया था। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, एक महंगा मोबाइल फोन, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।

CCTV, डिजिटल साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

मामले की गंभीरता को देखते हुए रानीपुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जांच करते हुए सीआईयू हरिद्वार की मदद से डिजिटल साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को भेल मटेरियल गेट के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें लूट की वारदात में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

ये हैं गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋतिक उर्फ टोपो, निवासी खंजरपुर, मोदीनगर, गाजियाबाद; सौरभ, निवासी टांडा साहूवाला, बढ़ापुर, बिजनौर; और राजीव सैनी उर्फ सागर, निवासी चांदपुर, पथरी, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच है। इनमें से ऋतिक उर्फ टोपो और राजीव सैनी उर्फ सागर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पहले भी किया था ज्वेलर का पीछा

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कांवड़ मेले के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप क्षेत्र में दुकान लगाई थी और सामान लेने के लिए कनखल आते-जाते थे। इसी दौरान उनकी नजर ज्वेलर पर पड़ी और उन्होंने उसके बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 11 अगस्त को भी ज्वेलर का पीछा किया था, लेकिन उस समय उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद 21 अगस्त को तीनों ने दोबारा उसका पीछा किया।

कैंची से बैग का पट्टा काटकर की लूट

जांच में सामने आया कि शिवलोक कॉलोनी पहुंचने के बाद आरोपियों ने मौका देखकर कथित तौर पर कैंची से बैग का पट्टा काट दिया और बैग छीन लिया। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ज्वेलर ने विरोध और बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ छीना-झपटी की। आरोप है कि इस दौरान कैंची से हमला करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और लूट का सामान हरिद्वार के जगजीतपुर स्थित एक कमरे में ले गए।

लूट के दौरान ज्वेलर ने छीन लिया था आरोपी का बैग

इस लूटकांड में एक दिलचस्प मोड़ उस समय आया, जब छीना-झपटी के दौरान पीड़ित ज्वेलर कथित तौर पर एक आरोपी का बैग छीनने में कामयाब हो गया। पुलिस को इस बैग से महत्वपूर्ण सुराग मिले। बताया गया कि बैग में मिले ATM कार्ड के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया। इसके बाद मुखबिर तंत्र, CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सामान बरामद करने का दावा किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले दो आरोपी भी पकड़े गए

हरिद्वार पुलिस ने एक अन्य मामले में ATM कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 8,500 रुपये नकद और आठ ATM कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों में से एक पहले NDPS मामले में और दूसरा चोरी के मामले में जेल जा चुका है। दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
Please follow and like us:
Pin Share

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *