CM Dhami Independence Day Speech: युवाओं, किसानों और सैनिक परिवारों के लिए कई बड़ी घोषणाएं

Read Time:8 Minute, 43 Second

देहरादून: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन हुआ।  मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस के जवानों के प्रति भी आभार जताया।

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और पुलिसकर्मियों का सम्मान

मुख्यमंत्री धामी ने समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।  इस दौरान पुलिस विभाग के 14 अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। इनमें 7 को सेवा के आधार पर और 6 को विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

आपदा प्रभावित परिवारों के साथ सरकार: CM धामी

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हाल में आई प्राकृतिक आपदाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

सैनिकों और बलिदानी परिवारों के लिए बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। बलिदानियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया गया है। वहीं परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है। प्रत्येक बलिदानी परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजित करने की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही सेवारत और पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।

10 हजार छात्रों को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री ऑनलाइन कोचिंग

मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ की जानकारी देते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के पहले चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इसके लिए सरकार ने 7 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।

खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड को नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से उत्तराखंड ने खेलों के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने इन खेलों में 103 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत प्रदेश के 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल विश्वविद्यालय के निर्माण पर भी काम चल रहा है।

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड के लिए 7 बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

1. तीन जिलों में विशेष औद्योगिक पार्क

चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।

2. प्रदेश में बनेगा पहला युवा आयोग

उत्तराखंड में प्रदेश के प्रथम ‘युवा आयोग’ की स्थापना की जाएगी।

3. सीमावर्ती युवाओं और पूर्व सैनिकों को मदद

सीमावर्ती गांवों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन दिया जाएगा।

4. भूमिधरी अधिकार का रास्ता होगा आसान

वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाई जाएगी और पात्र लोगों को भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।

5. प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश बढ़ेगा

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य सरकार का अंश 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।

6. युवाओं के लिए नई स्वरोजगार योजना

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए योजनाएं शुरू की जाएंगी।

7. निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण और बैंक ऋण पर सब्सिडी

आईआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से युवाओं को निशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।

समारोह में मौजूद रहे ये प्रमुख लोग

राज्य स्तरीय समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, शासन के सचिव, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
Please follow and like us:
Pin Share

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *