भारी बारिश से उत्तराखंड में बिगड़े हालात, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी - Uttarakhand Samachar

देहरादून:– उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में मूसलाधार वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। कई निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, तेज बारिश के दौर और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

वहीं टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश के चलते देहरादून शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। देर रात शुरू हुई बारिश सुबह तक जारी रही, जिससे कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया और यातायात प्रभावित हुआ।

पिछले 24 घंटों में चकराता, मसूरी और धनोल्टी में 150 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जबकि देहरादून शहर में करीब 60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार वर्षा के कारण रिस्पना, बिंदाल, सोंग और सुसवा नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है। मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। साथ ही मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों और प्रशासनिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *