उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज विकासनगर स्थित खाटू श्याम धाम में आयोजित भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शिरकत की। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बाबा खाटू श्याम के चरणों में शीश नवाया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। “हारे का सहारा हैं बाबा श्याम”: मुख्यमंत्री जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए कहा, “बाबा खाटू श्याम हर उस मन को संबल प्रदान करते हैं जो टूट चुका होता है। जो भी भक्त सच्चे अंतर्मन से उन्हें पुकारता है, बाबा अपनी कृपा से उसकी झोली भर देते हैं।” परिसर में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़ को उन्होंने इस बात का जीवंत प्रमाण बताया कि बाबा हर हृदय में विराजमान हैं। सेवा का संकल्प और ईश्वरीय कृपा मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने कहा कि आज वे अगर ‘मुख्य सेवक’ के रूप में जनता की सेवा कर पा रहे हैं, तो यह बाबा श्याम का आशीर्वाद और जनता का स्नेह ही है। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ उत्तराखंड को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 21वीं सदी का तीसरा दशक: उत्तराखंड का दशक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को याद करते हुए सीएम ने कहा कि बाबा केदार की भूमि से जो उद्घोष हुआ था कि “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा”, राज्य सरकार उस सपने को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने जीवन में सफलता के लिए ‘कौशल’ के साथ-साथ ‘समर्पण’ को भी अनिवार्य बताया। Please follow and like us: Share Post Share Post navigation अतिथि शिक्षकों की दोहरी मार: न बढ़ा मानदेय, न मिलेगा छुट्टियों का वेतन; नाराजगी तेज। पेंशन ही नहीं, सम्मान भी देगी सरकार; वरिष्ठ नागरिकों के लिए नई योजना की तैयारी।