बरेली में सिलिंडर फटने से गैस एजेंसी गोदाम में आग, दमकल और पुलिस ने शुरू किया बचाव कार्य - Uttarakhand Samachar

बरेली से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में रजऊ परसपुर स्थित गैस एजेंसी गोदाम में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सिलिंडर फटने से आग लग गई। आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सिलिंडर फटने से लगातार कई धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।

घटना इतनी विकराल बताई जा रही है कि धमाकों के साथ फटे सिलिंडरों के टुकड़े 500 मीटर तक जाकर गिरे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि सिलिंडर के टुकड़े किसी को लगे नहीं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार को एक ट्रक सिलिंडर लेकर गैस गोदाम पर आया था। ट्रक में रखा सिलिंडर अचानक फट गया, जिससे गोदाम में भी आग लग गई। सूचना मिलते ही शहर से अधिकारी मौके पर रवाना हो गए।  जिस गैस एजेंसी गोदाम में आग लगी है, वह सोमवार को बंद रहती है। गोदाम पर चौकीदार और ट्रक चालक ही थे। दोनों ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं गोदाम भी आबादी से काफी दूर बना है, जिससे जनहानि होने से बच गई।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *