मेगास्टार चिरंजीवी ने लंदन में ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ प्राप्त कर इतिहास रचा - Uttarakhand Samachar

मेगास्टार चिरंजीवी ब्रिटिश सरकार से ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ प्राप्त करने वाले पहले भारतीय सेलिब्रिटी बन गए हैं। अभिनेता को सिनेमा और समाज में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए 19 मार्च 2025 को लंदन में यूके की संसद में इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह विशेष सम्मान अभिनेता के अब तक के सफर और प्रभाव को दर्शाता है। यूके की संसद में चिरंजीवी को मिला यह पुरस्कार भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का पल है।

ब्राइड इंडिया नामक एक प्रमुख संगठन ने पहली बार चिरंजीवी को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया है। यह पुरस्कार अभिनेता को सिनेमा, सार्वजनिक सेवा और परोपकार में उनके योगदान के लिए दिया गया। यू.के. लेबर पार्टी के सांसद नवेंदु मिश्रा, सांसद सोजन जोसेफ, बॉब ब्लैकमैन इस सम्मान समारोह का हिस्सा थे। यह सम्मान प्राप्त करने के बाद चिरंजीवी के प्रशंसक पुरस्कार समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।

साल 2024 में चिरंजीवी को भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया। इसी साल अभिनेता का नाम 537 गानों और 156 फिल्मों में 24,000 डांस स्टेप्स के साथ सबसे सफल अभिनेता डांसर के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। उन्हें अक्किनेनी इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा 2024 में एएनआर शताब्दी वर्ष में एएनआर राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। अभिनेता के वर्क फ्रंट की बात की जाए तो वह अपनी आगामी फिल्म ‘विश्वंभरा’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक इसके रिलीज डेट की घोषणा नहीं हुई है। वह ‘दशहरा’ और ‘द पैराडाइज’ के निर्देशक श्रीकांत ओडेला के साथ भी एक फिल्म में नजर आ सकते हैं, जिसे उनकी अब तक की सबसे हिंसक फिल्म बताया जा रहा है। इस फिल्म का निर्माण अभिनेता नानी करेंगे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *