व्यापारी की जहर खाकर आत्महत्या की धमकी, पुलिस ने किया रेस्क्यू - Uttarakhand Samachar

नैनीताल हाईवे पर सरस मार्केट के पास अतिक्रमण तोड़ने को लेकर काफी ड्रामा हुआ। अतिक्रमण की जद में आ रही दुकान तोड़ने पर व्यापारी पहले तो अधिकारियों से उलझ गया, इसके बाद दूसरी मंजिल पर चढ़कर जहर खाकर जान देने की धमकी देने लगा। पुलिस ने किसी तरह व्यापारी को पकड़कर नीचे उतारा। इसके बाद अतिक्रमण की जद में आ रहे निर्माण को तोड़ा गया।

मंगलपड़ाव से रोडवेज तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हो गई है। रविवार को नैनीताल हाईवे पर सरस मार्केट के पास सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही चार दुकानों को डेढ़ मीटर तोड़ने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई, एसडीएम परितोष वर्मा, लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार के नेतृत्व में टीम पहुंची। टीम ने पहले अतिक्रमणकारी को दुकानें खाली करने के लिए कहा लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस फोर्स बुला ली। साथ ही लोनिवि की टीम दो मंजिल से दुकान तोड़ने के लिए छत पर पहुंची।

इसी दौरान व्यापारी की सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई से नोकझोंक हो गई। तकरार के बाद व्यापारी दो मंजिल पर पहुंच गया और जहर खाने की धमकी देने लगा। घटना से कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह व्यापारी को नीचे उतारा। फिर लोनिवि ने अतिक्रमण तोड़ना शुरू किया। देर शाम तक अतिक्रमण तोड़ने की कार्रवाई जारी थी। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई ने बताया कि 23 अक्तूबर को हाईकोर्ट में सुनवाई है, उस दिन अंतिम फैसला आ जाएगा। इसके बाद प्रशासन एक सिरे से अतिक्रमण तोड़ेगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *