चारधाम यात्रा दर्शन के लिए इस बार एक-एक घंटे के स्लॉट पर दिए जाएंगे टोकन, 4 घंटे के लिए होगा मान्य - Uttarakhand Samachar

देहरादून: जल्द ही उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध चार धाम यात्रा शुरू होने जा रही है, वही चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को दर्शन के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद दर्शन के लिए टोकन जारी करेगा। यह टोकन एक-एक घंटे के स्लॉट पर दिए जाएंगे, जो चार घंटे के लिए मान्य होगा।
पहले तीर्थयात्री बसों और पैदल चलकर धाम में पहुंचते थे। समय की बचत के लिए तुरंत लाइन में लग जाते थे। इससे कई तीर्थयात्रियों को परेशानी होती थी। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को होती थी। दर्शन के लिए कई घंटे लाइन में लगने के बाद नंबर आता था।

दर्शन के लिए मंदिर परिसरों में टोकन व्यवस्था लागू करने की मांग कई साल से हो रही थी। अब इसे धरातल पर लाने के लिए पर्यटन विकास परिषद ने कवायद शुरू कर दी है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में मंदिरों के प्रवेश द्वार पर पर्यटन विकास परिषद की ओर से यह टोकन दिए जाएंगे।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद उपनिदेशक योगेंद्र गंगवार ने कहा चारधाम तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के लिए मंदिरों के प्रवेश द्वार पर दर्शन के लिए टोकन जारी करने की व्यवस्था की जा रही है। यह व्यवस्था बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री में लागू होगी। टोकन मिलने के बाद तीर्थयात्री चार घंटे के अंदर दर्शन कर सकेंगे। इससे लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *