इलाज के लिए परेशान परिवार को मिली मदद, CM योगी ने दिया आर्थिक सहायता का भरोसा - Uttarakhand Samachar

लखनऊ:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन कार्यक्रम में सोमवार को अयोध्या से आए भाई-बहन अपनी परेशानी लेकर पहुंचे। भाई ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसकी बहन गंभीर रूप से बीमार है और डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे लखनऊ रेफर किया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराने में परेशानी हो रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बीमार महिला को एंबुलेंस से डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू कर दिया गया।

अयोध्या से लखनऊ रेफर हुई थीं बबिता

अयोध्या से आए श्याम सोनकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी बहन बबिता पिछले कुछ दिनों से अयोध्या में भर्ती थीं। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया था। श्याम ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है, जिसके कारण लखनऊ में इलाज कराने को लेकर उन्हें चिंता थी। परिवार की परेशानी सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने आवास से ही तत्काल मरीज को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बबिता को एंबुलेंस के माध्यम से लोहिया संस्थान भेजा गया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उनकी जांच शुरू की और उपचार की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी। मुख्यमंत्री ने मरीज के परिजनों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

बहन का इलाज शुरू होते ही भाई ने ली राहत की सांस

बबिता के अस्पताल में भर्ती होने और इलाज शुरू होने के बाद उनके भाई श्याम सोनकर ने राहत की सांस ली। इलाज की प्रक्रिया शुरू होते ही उनकी आंखों में आंसू आ गए। श्याम ने फोन के जरिए मुख्यमंत्री आवास को इसकी जानकारी दी और तत्काल मदद उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

‘पैसों की कमी से नहीं रुकेगा किसी का इलाज’

जनता दर्शन में सोमवार को कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जरूरतमंदों को भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित लोगों के प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके। सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि धन की कमी के कारण किसी भी व्यक्ति का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।

जनता दर्शन में मासूम के साथ दिखा सीएम योगी का वात्सल्य

जनता दर्शन के दौरान एक मासूम बच्ची भी अपनी मां के साथ पहुंची थी। मुख्यमंत्री ने पहले उसकी मां की समस्या सुनी। इसके बाद उन्होंने बच्ची से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बच्ची के लिए चॉकलेट मंगवाई और उसके सामने ही उसका रैपर खोलने लगे। सीएम के हाथ में चॉकलेट देखकर बच्ची खुशी से खिलखिला उठी। मुख्यमंत्री और बच्ची के बीच हुए इस सहज संवाद ने वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चों के प्रति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना की।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *