हड़कंप: रोहतास पॉलिटेक्निक हॉस्टल में छात्रा का शव पंखे से लटका मिला - Uttarakhand Samachar

बिहार :- रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र स्थित एक पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल में पंखे से लटका एक छात्रा का शव बरामद हुआ है। इंद्रपुरी के पटनवा खुर्द स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल से शुक्रवार सुबह छात्रा का शव बरामद होने से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है तथा घटना की जानकारी पुलिस के साथ-साथ परिजनों को भी दे दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीया छात्रा शाल्वी कुमारी अरवल जिले के नादीखुर्द गांव की निवासी रंजय सिंह की पुत्री बताई जाती है। मृत छात्रा पॉलिटेक्निक कॉलेज के दूसरे वर्ष की छात्रा थी, जो पॉलिटेक्निक कॉलेज के आवासीय परिसर स्थित एक कमरे में अकेले रहती थी। वहीं, घटना की सूचना पर हॉस्टल प्रशासन एवं हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच हुआ है तथा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी दी गई कि गुरुवार रात करीब दो बजे हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका छात्रा का शव देखकर कुछ छात्र-छात्राओं ने अचानक चिल्लाना शुरू कर दिया। उसके बाद कॉलेज प्रबंधन, शिक्षक एवं हॉस्टल के वॉर्डन भी इकट्ठा हो गए और हॉस्टल में रह रहे सभी छात्र अपने-अपने कमरों से बाहर निकल गए। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन द्वारा घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए इंद्रपुरी थाना के चौकीदार श्रीनिवास राम ने बताया कि गुरुवार रात करीब दो बजे सूचना मिली कि पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल में एक छात्रा ने फांसी लगा ली है। उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के आने के बाद पंखे से लटके शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। फिलहाल, शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।

वहीं, मामले में फांसी लगाने के दौरान छात्रा द्वारा किसी के साथ वीडियो कॉल पर बात करने की भी जानकारी सामने आई है। इसके अलावा पिछले महीने ही पॉलिटेक्निक कॉलेज के आवास में रह रही छात्राओं ने हॉस्टल में मिल रहे भोजन को लेकर भी कॉलेज के प्राचार्य से शिकायत की थी। इसको लेकर पुलिस ने सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *