"जैसे सलमान खान को मारी गोली, वैसे ही मारूंगा": अभिनव शुक्ला को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी - Uttarakhand Samachar

टीवी अभिनेता अभिनव शुक्ला को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और अभिनव को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। यह धमकी रियलिटी शो ‘बैटलग्राउंड’ में अभिनव के बिग बॉस 13 के प्रतियोगी और रैपर आसिम रियाज पर हालिया टिप्पणी के बाद आई।अभिनव ने अपने एक्स अकाउंट पर इंस्टाग्राम पर मिले धमकी भरे मैसेज का स्क्रीनशॉट साझा किया। यह मैसेज अंकुश गुप्ता नाम के एक यूजर ने भेजा था। इस मैसेज में गालियां थीं और 2024 में सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी का जिक्र था। मैसेज में लिखा था, “मैं लॉरेंस बिश्नोई गैंग से हूं। मुझे तेरा पता मालूम है। सलमान खान के घर पर जैसे गोली चलाई थी, वैसे ही मैं तेरे घर आकर एके-47 से तुझे गोली मारूंगा।”इससे भी डरावनी बात यह थी कि धमकी देने वाले ने अभिनव के परिवार और उनके गार्ड्स को भी निशाना बनाने की बात कही। उसने दावा किया कि उसे अभिनव की दिनचर्या की पूरी जानकारी है। मैसेज में आगे लिखा था, “यह तेरा आखिरी मौका है। आसिम के बारे में कुछ बोलने से पहले तेरा नाम लिस्ट में होगा। लॉरेंस बिश्नोई आसिम के साथ है।”

अभिनव ने धमकी देने वाले के इंस्टाग्राम प्रोफाइल का स्क्रीन रिकॉर्डेड वीडियो भी शेयर किया, जिसमें दिख रहा था कि वह शख्स चंडीगढ़ का रहने वाला हो सकता है। उन्होंने पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस को टैग करते हुए लिखा, “मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी। यह शख्स चंडीगढ़/मोहाली से लगता है। कृपया तुरंत और सख्त कार्रवाई करें। जो भी इस शख्स को पहचानता हो, कृपया पुलिस को सूचित करें।”

रुबीना और आसिम के बीच तनाव ‘बैटलग्राउंड’ शो के दौरान शुरू हुआ। इस शो में दोनों पैनलिस्ट के तौर पर मौजूद थे। शो में दोनों के बीच कई बार बहस हुई। आसिम ने बार-बार रुबीना के अधिकार पर सवाल उठाए और एक मौके पर कथित तौर पर ऑन-कैमरा उन्हें अपमानित भी किया। जब एक फैन ने अभिनव से आसिम के रवैये पर टिप्पणी करने को कहा तो अभिनव ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “इंजेक्शन से भरे शरीर, दिमाग की कमी और खराब रवैया फिटनेस की निशानी नहीं है।” रिपोर्ट्स के मुताबिक शो में एक और पैनलिस्ट अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान) के साथ भी आसिम की तीखी बहस हुई, जिसके बाद असीम को शो से हटा दिया गया। हालांकि, असीम ने सोशल मीडिया पर इन खबरों को खारिज करते हुए लिखा, “मुझे शो से नहीं निकाला गया, मैंने खुद ही शो छोड़ा है।”

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *