शिवपुरी राष्ट्रीय उद्यान में हेलीकॉप्टर क्रैश; चीन से आए 4 पर्यटकों समेत 5 लोगों की मौत - Uttarakhand Samachar

काठमांडू:-  नेपाल की राजधानी काठमांडू के बाहर नुवाकोट के शिवपुरी राष्ट्रीय उद्यान में बुधवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चार चीनी पर्यटकों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। नेपाल पुलिस ने बताया कि हेलीकॉप्टर में चार चीनी नागरिक सहित कुल पांच लोग सवार थे। काठमांडू पोस्ट ने यह जानकारी दी है।

वहीं, त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता सुभाष झा ने बताया कि एयर डायनेस्टी (Air Dynasty) का 9एन-एजेडी हेलीकॉप्टर दोपहर 1:54 बजे काठमांडू से रसुवा के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि, वह अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।  नेपाल पुलिस ने इस मामले में एक बयान जारी किया है। पुलिस ने अपने बयान में कहा कि काठमांडू से रसुवा के लिए उड़ान भरने वाला एयर डायनेस्टी हेलीकॉप्टर नुवाकोट के शिवपुरी जिले में पहुंचा। इस दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। नेपाल पुलिस मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

वहीं, समाचार एजेंसी पीटीआई ने माय रिपब्लिका अखबार के हवाले से बताया कि पुलिस ने नुवाकोट के शिवपुरी ग्रामीण नगर पालिका के वार्ड नंबर सात में दुर्घटनास्थल से पांच शव बरामद किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:54 बजे काठमांडू से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के तीन मिनट बाद ही इसका संपर्क टूट गया। पुलिस के एक अधिकारी का हवाला देते हुए अखबार ने कहा कि दुर्घटनास्थल से दो पुरुषों, एक महिला और पायलट के शव बरामद किए गए हैं। इसने कहा कि एक शव के बुरी तरह जल जाने के कारण उसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

इससे पहले  24 जुलाई को त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सौर्य एयरलाइंस का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार 18 लोगों की मौत हो गई थी तथा विमान का कैप्टन ही बचा था।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *