वाराणसी में सावन के प्रत्येक सोमवार को सरकारी और गैर सरकारी स्कूल बंद, रविवार को होगी पढ़ाई - Uttarakhand Samachar

सावन के प्रत्येक सोमवार को वाराणसी नगर क्षेत्र और कांवड़िया मार्ग पर पड़ने वाले कक्षा एक से 12वीं तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। इसकी जगह रविवार को कक्षाएं चलाई जाएंगी। कुछ निजी विद्यालय ऐसे हैं, जो रविवार और सोमवार को भी बंद रहेंगे।

यह फैसला सावन में श्रद्धालुओं की भीड़ और छात्र-छात्राओं की सहूलियत के लिहाज से लिया गया है। सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए 90 लाख से एक करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।  इसे देखते हुए ही जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने नगर क्षेत्र के शिवालय व कांवड़िया मार्ग पर स्थित कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया।

इस सिलसिले में जिला विद्यालय निरीक्षण अवध किशोर सिंह ने रविवार को आदेश भी जारी कर दिया। इसके मुताबिक पंचक्रोशी रोड, वाराणसी-प्रयागराज हाईवे और वाराणसी-गाजीपुर हाईवे के स्कूल बंद रहेंगे।  काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ही सोमवार को विश्वनाथ मंदिर का दैनिक पास निरस्त कर दिया गया। साथ ही काशी विश्वनाथ के स्पर्श दर्शन पर रोक लगा दी गई।

मैदागिन से गोदौलिया तक के क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया। वीआईपी, वृद्ध, दिव्यांगजन और अशक्त दर्शनार्थियों के लिए निशुल्क ई-रिक्शा और गोल्फ कार्ट के इंतजाम किए गए।

चार की जगह द्वार से विश्वनाथ मंदिर में प्रवेश की व्यवस्था की गई है। कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रयागराज-वाराणसी हाईवे की एक लेन रविवार की देर शाम से बंद कर दी गई। आरक्षित लेन से गाड़ियों का आवागमन नहीं होगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *