महादेव का रुद्राभिषेक कर हुई राष्ट्रपति के दिन की शुरूआत - Uttarakhand Samachar

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन सुबह राजभवन स्थित राज प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना के साथ रुद्राभिषेक किया। राष्ट्रपति ने राजभवन स्थित नक्षत्र वाटिका का उद्धाटन किया। इस दौरान राज्यपाल लेफ़्टिनेंट जरनल गुरमीत सिंह (से.नि.) एवं प्रथम महिला गुरमीत कौर समेत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।

दूसरी ओर दून विश्वविद्यालय में तीसरे दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विवि में 669 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगी। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण स्कूल ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों और शिक्षकों की मदद से किया जाएगा।

राष्ट्रपति आज मसूरी में विभिन्न कार्यक्रमों में करेंगीं शिरकत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आज (शुक्रवार को) लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अकादमी में पुलिस सहित तमाम सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। एलबीएस अकादमी के 97वें फाउंडेशन कोर्स के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करने राष्ट्रपति मसूरी पहुंच रही हैं। सुबह करीब नौ बजे राष्ट्रपति एलबीएस अकादमी के हेलीपैड पोलोग्राउंड में पहुंचेंगीं।

अकादमी पहुंचने पर राष्ट्रपति पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और शहीद स्मारक पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगीं। साथ ही पोलोग्राउंड स्पोर्ट्स फेसिलिटी को राष्ट्र को समर्पित करेंगीं। इसके अलावा पर्वतमाला हिमालयन और नॉर्थ ईस्ट आउटडोर लर्निंग एरिना की आधारशिला सहित कई अन्य कार्यक्रमों में शिरकत करेंगीं। इस दौरान राष्ट्रपति अकादमी में पुरस्कार वितरण भी करेंगीं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *