मुख्यमंत्री की उपस्थिति में हरिद्वार के कांग्रेस नेताओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता - Uttarakhand Samachar

उत्तराखंड में भले ही नगर निकाय चुनावों में वक्त हो, लेकिन भाजपा अभी से इसकी तैयारियों में जुट गई है। इस कड़ी में कांग्रेस में सेंधमारी शुरू की गई है।

रविवार को यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार से सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की उपस्थिति में बड़ी संख्या में हरिद्वार के कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने दावा किया कि पार्टी में शामिल होने के लिए प्रदेशभर के 178 कांग्रेस नेताओं के आवेदन आए हैं। इन पर विचार कर जल्द ही सभी नगर निगम क्षेत्रों में इनकी ज्वाइनिंग के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार के कांग्रेस नेताओं का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि इससे वहां पार्टी संगठन और मजबूत होगा। सख्त मतांतरण अधिनियम, महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण समेत अन्य निर्णयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित, समृद्ध व सुरक्षित उत्तराखंड हम सबका प्रयास होना चाहिए।

हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री निशंक ने कहा कि भाजपा में शामिल हुए लोग अपने-अपने क्षेत्र के योद्धा हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं को विश्वास दिलाया कि उनकी भावनाओं व विचारों का पूरा सम्मान किया जाएगा।कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने किया।

कांग्रेस के जिन नेताओं ने भाजपा का दामन थामा, उनमें कांग्रेस के पूर्व संगठन सचिव धर्मपाल सिंह ठेकेदार, पार्षद अनुज सिंह के अलावा राजन मेहता, शुभम भारद्वाज, कुंवर बाली, सरदार भूपेंद्र सती, नरेंद्र अग्रवाल, राजकुमारी, चौधरी युद्धराम, प्रदीप कुमार, महेंद्र सिंह खटाना, इंद्रेश मोती, पवन प्रधान, कुलदीप सरदार, राजेश चौहान, अमित गुप्ता आदि मुख्य हैं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *