झूलाघर में चार दुकानें ध्वस्त, SDM राहुल आनंद बोले- अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं

Read Time:4 Minute, 47 Second

मसूरी:- उत्तराखंड के मसूरी में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को सख्त कार्रवाई की। झूलाघर क्षेत्र में चार दुकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई मसूरी पब्लिक स्कूल के सामने की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान एमडीडीए, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

आदेश के बाद भी नहीं हटाया गया निर्माण

यह कार्रवाई एसडीएम मसूरी राहुल आनंद के निर्देश पर की गई। तहसीलदार उपेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम झूलाघर के रॉक स्टोन, अपर झूलाघर क्षेत्र पहुंची। प्रशासन के मुताबिक यहां संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा की ओर से किए गए अनधिकृत निर्माण को लेकर पहले ही कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी। मामले में सुनवाई के बाद 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया था। इसकी प्रति संबंधित पक्ष को 19 अगस्त को उपलब्ध करा दी गई थी। आदेश में निर्माणकर्ता को 15 दिनों के भीतर स्वयं अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समयसीमा 2 सितंबर को समाप्त हो गई, लेकिन निर्माण नहीं हटाया गया।

अपील भी हुई खारिज

प्रशासन के अनुसार ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ संबंधित पक्ष की ओर से कमिश्नर के समक्ष अपील की गई थी। हालांकि, यह अपील खारिज हो गई। इसके बाद भी मौके पर निर्माण बना रहा। प्रशासन का कहना है कि ध्वस्तीकरण आदेश पर फिलहाल कोई स्थगनादेश प्रभावी नहीं था। ऐसे में नियमों के तहत सोमवार को पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।

‘अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं’

एसडीएम राहुल आनंद ने कहा कि मसूरी में अवैध निर्माण को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन और विकास प्राधिकरण के स्तर पर ऐसे कई मामले विचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में जांच और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, वहां नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी अतिक्रमण पर हो चुकी है कार्रवाई

मसूरी में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई पहले भी होती रही है। इससे पहले मॉल रोड पर अवैध रूप से पटरी लगाकर कारोबार करने वालों के खिलाफ नगर पालिका की ओर से अभियान चलाया गया था। उस कार्रवाई के दौरान नगर पालिका की टीम और कुछ लोगों के बीच विवाद भी हुआ था। नगर पालिका की ओर से आरोप लगाया गया था कि कुछ महिलाओं समेत कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम को रोकने की कोशिश की और कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ अभद्रता की। जब्त सामान ले जा रहे वाहन को रोकने का आरोप भी लगाया गया था। घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई थी। वहीं अब झूलाघर क्षेत्र में चार दुकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद मसूरी में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन के अभियान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
Please follow and like us:
Pin Share

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *