अष्टमी व रामनवमी पर रामचरितमानस का अखंड पाठ, सीएम योगी ने दी अहम जानकारी - Uttarakhand Samachar

उत्तर प्रदेश:-  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अष्टमी व रामनवमी के अवसर पर प्रमुख शक्तिपीठों व मंदिरों में रामचरितमानस का अखंड पाठ 5 व 6 अप्रैल को कराया जाएगा। यह पाठ चयनित भजन मंडलियों द्वारा किया जाएगा। इसके लिए इन्हें 5000 रुपये का मानदेय भी दिया जाएगा।

संस्कृति व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस बार विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। देवी मंदिरों व शक्तिपीठों में महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे। सभी जिलों में 24 घंटे का श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ कराने के निर्देश दिए गए हैं। 5 अप्रैल दोपहर से शुरू अखंड मानस पाठ की पूर्णाहुति 6 अप्रैल को श्रीरामनवमी के दिन दोपहर में श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में श्रीरामलला के सूर्य तिलक के साथ होगी।

उन्होंने बताया कि अष्टमी (5 अप्रैल) और श्रीराम नवमी (6 अप्रैल) को प्रदेश के प्रमुख राम मंदिरों, हनुमान मंदिरों, देवी मंदिरों, वाल्मीकि मंदिरों और शक्तिपीठों में विशेष अनुष्ठान होंगे। जिलों में स्थानीय भजन मंडलियों और लोक कलाकारों की प्रस्तुति के लिए समितियों का गठन किया गया है। मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम व्यवस्थाओं के लिए अतिरिक्त 5000 रुपये की राशि आवंटित की जाएगी। संस्कृति विभाग की ई-डायरेक्टरी से कलाकारों का चयन किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचे। उन्होंने यहां देवीपाटन स्थित तुलसीपुर में चल रहे नवरात्रि मेले का जायजा लिया। सीएम योगी गुरु गोरखनाथ ज्ञान स्थली विद्यालय, डुमरियागंज से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा मां पाटेश्वरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल भयनियापुर के हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से कार द्वारा वह देवीपाटन मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री देवीपाटन मंदिर में ही रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार को वह वासंतिक नवरात्रि की अष्टमी पर मां पाटेश्वरी देवी शक्ति पीठ के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए देवीपाटन मंदिर क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस दौरान मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी पवन अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *